वाराणसी : लंका थाना क्षेत्र में युवक की गोली मारकर हत्या के मामले में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। कमिश्नरेट वाराणसी की लंका पुलिस ने हत्या के आरोपी को गिरफ्तार करते हुए घटना में प्रयुक्त पिस्टल भी बरामद कर ली है।
पुलिस के अनुसार 9 जून 2026 को अज्ञात हमलावर द्वारा एक युवक की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। घटना के बाद परिजनों की तहरीर पर लंका थाने में हत्या का मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की गई। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस आयुक्त के निर्देश पर विशेष टीम गठित की गई थी।
लगातार जांच, सर्विलांस और मुखबिर तंत्र की मदद से पुलिस ने रविवार को आरोपी गोपी चंद चौरसिया (26 वर्ष) निवासी दिलदारनगर, जनपद गाजीपुर को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से हत्या में प्रयुक्त पिस्टल भी बरामद की है।
पुलिस के अनुसार दर्ज धाराएं
▪️ धारा 103(1) बीएनएस (हत्या)
▪️ धारा 238(1) बीएनएस
▪️ 3/25 आयुध अधिनियम
विशेष टीम ने की कार्रवाई
यह कार्रवाई पुलिस उपायुक्त काशी जोन के निर्देशन, अपर पुलिस उपायुक्त काशी जोन के पर्यवेक्षण तथा सहायक पुलिस आयुक्त भेलूपुर एवं प्रभारी निरीक्षक राजकुमार के नेतृत्व में की गई।
पुलिस का कहना है कि आरोपी से पूछताछ के आधार पर मामले के अन्य पहलुओं की भी जांच की जा रही है। गिरफ्तार अभियुक्त के खिलाफ आगे की विधिक कार्रवाई जारी है।
अपराधियों के खिलाफ जारी है अभियान
कमिश्नरेट पुलिस का कहना है कि अपराध एवं अपराधियों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा और कानून व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाएगी।