Breaking News: भोजपुरी सिंगर समर की तलाश में मुंबई-पटना में छापे,आकांक्षा का मोबाइल पुलिस अनलॉक नहीं कर सकी कॉल डिटेल में बातचीत के सबूत मिले।

Vishal Dubey
0

अभिनेत्री आकांक्षा दुबे की आत्महत्या मामले में भोजपुरी सिंगर समर सिंह और उनके भाई संजय की पुलिस तलाश कर रही है। वाराणसी पुलिस ने मंगलवार रात से बुधवार सुबह तक मुंबई, पटना, आजमगढ़ समेत कई ठिकानों पर दबिश दी। हालांकि, दोनों भाइयों का अब तक कुछ पता नहीं चल पाया है।

सूत्रों के मुताबिक, आकांक्षा के मोबाइल को भी अभी पुलिस अनलॉक नहीं कर सकी है। फोन में नंबर पासवर्ड के साथ ही फिंगर प्रिंट स्कैन का पासवर्ड लगा हुआ है। ऐसे में फोन को लखनऊ स्थित विधि अनुसंधान प्रयोगशाला भेजा जाएगा। माना जा रहा है कि दो-चार दिन में आंकाक्षा का मोबाइल अनलॉक हो सकता है।

हालांकि, एक्ट्रेस के मोबाइल का CDR यानी कॉल डेटा रिकॉर्ड पुलिस को मिल गया है। इसमें आत्महत्या वाले दिन समर सिंह से बातचीत के सबूत मिले हैं। घटना के पहले भी समर के नंबर पर बातचीत हुई थी। वहीं, पिछले दिनों की लंबी कालिंग लिस्ट भी मिली है।
समर के मोबाइल की आखिरी लोकेशन मुंबई-पटना में
पुलिस सूत्रों के मुताबिक, समर सिंह और उनके भाई संजय का फोन बंद होने से पहले अंतिम लोकेशन मुंबई और पटना में मिली है। रविवार को आकांक्षा की सुसाइड का पता चलने के बाद से ही दोनों के नंबर बंद हैं।

सारनाथ थाना प्रभारी धर्मपाल सिंह ने बताया, "समर सिंह के रिश्तेदारों के यहां भी दबिश दी जा रही है। बिहार, आजमगढ़ और वाराणसी में उसके संभावित ठिकानों पर तलाश की गई। रिश्तेदारों-दोस्तों से पूछताछ की गई है। जल्द दोनों गिरफ्तार किए जाएंगे।"

बिहार में पुलिस टीम चला रही सर्च ऑपरेशन
आकांक्षा सुसाइड केस में पुलिस ने तीन टीमें गठित की हैं। पहली टीम, आजमगढ़-मऊ गई थी, जो कई जगह दबिश देकर खाली हाथ लौटी। दूसरी टीम, बिहार गई है, जो वहीं रुकी है। वहां समर सिंह के संभावित ठिकानों में तलाश कर रही है। वहीं, तीसरी टीम मुंबई पहुंच गई है। वहां पर सिंगर से जुड़ी जगहों पर दबिश दे रही है। ACP सारनाथ ज्ञान प्रकाश राय ने बताया कि सभी पहलुओं पर जांच जारी है। मामले में टीमें गठित कर ताबड़तोड़ दबिश दी जा रही है।

Post a Comment

0 Comments
Post a Comment (0)
To Top