वाराणसी में भयानक काेहरे की वजह से आज पूरे दिन बाबतपुर स्थित इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर किसी भी डोमेस्टिक फ्लाइट को लैंडिंग की अनुमति नहीं मिली। लाल बहादुर शास्त्री अंतर्राष्ट्रीय एयरपोर्ट पर आज लैंड करने वाले 12 विमानों को देश के 12 हवाई अड्डों पर डायवर्ट कर दिया गया। इससे यात्रियों काफी जिल्लतें झेलनी पड़ीं। बाबतपुर एयरपोर्ट का टर्मिनल रेलवे स्टेशन की तरह से तब्दील हो गया था। लोगों का हुजूम हलकान परेशान भटक रहा था। आज दोपहर में मुंबई, हैदराबाद, जयपुर, कोलकाता, दिल्ली, चेन्नई सहित कई दूसरे महानगरों से आने वाली फ्लाइट बाबतपुर के हवाई क्षेत्र के ऊपर आसमान में ही कई चक्कर लगाती रहीं।
विजिबिलिटी कम होने से विमानों को एयर ट्रैफिक कंट्रोल द्वारा वाराणसी एयरपोर्ट पर लैंडिंग की अनुमति नहीं दी गई। काफी देर तक चक्कर लगाने के बाद भी जब वाराणसी में विजिबिलिटी नॉर्मल नहीं हुई तो विमानों का ईंधन खत्म होने लगा। ऐसे में विमानों को दूसरे जगहों पर डायवर्ट करने का सिलसिला शुरू हुआ।
यात्रियाें को समझाते रहे अधिकारी
विमान डाइवर्ट किए जाने के बाद इन विमानों से वाराणसी एयरपोर्ट से दूसरे शहरों के लिए जाने वाले यात्रियों को एयरपोर्ट पर इंतजार करना पड़ा। एयरपोर्ट के मुख्य टर्मिनल भवन में बैठे यात्री काफी परेशान नजर आए हालांकि एयरपोर्ट प्रशासन और एयरलाइंस के अधिकारी यात्रियों को समझाते दिखाई दिए।
एक इंटरनेशनल विमान की लैंडिग हुई
एयरपोर्ट के अधिकारियों ने बताया कि शारजाह से वाराणसी आने वाले एयर इंडिया एक्सप्रेस के विमान IX 184 को लैंड करने की अनुमति दी गई। यह एकमात्र फ्लाइट थी, जिसे बाबतपुर में उतारा गया। शाम 4 बजे तक वाराणसी एयरपोर्ट पर पहुंचा। इस समय कुछ देर के लिए विजिबिलिटी नॉर्मल हुई थी, जिससे विमान लैंड कर पाया। इसी के साथ ही विमान वाराणसी एयरपोर्ट पर इंतजार कर रहे यात्रियों को लेकर शारजाह टेकऑफ कर गया।

