घर में फर्जी आदमी घुसे तो वहीं मार डालो, UP के BJP विधायक बोले- न कर पाओ तो बुला लेना, मैं हत्या करूंगा !

Vishal Dubey
0

UP के गाजियाबाद में BJP विधायक नंदकिशोर गुर्जर अपने बयान को लेकर एक बार फिर सुर्खियों में हैं। लोनी से विधायक गुर्जर ने कहा कि अगर बिजली विभाग का कर्मचारी बताकर कोई फर्जी व्यक्ति घर में जबरन घुस आए तो उसे ऑन स्पॉट मार दो। लोग अगर खुद मारने में सक्षम नहीं हैं तो मुझे बुला लें, मैं उसकी हत्या करूंगा।

बिजली विभाग का बताकर घरों में घुसा गैंग, धमकाया- लूटपाट की... तब विधायक ने दिया बयान
7 जनवरी को लोनी इलाके में कुछ युवक खुद को बिजली विभाग से बताकर घर-घर जा रहे थे। बताया जा रहा है कि इसी गैंग ने एक घर में जबरन घुसकर करीब डेढ़ लाख रुपए लूट लिए। इसके बाद यह दूसरे घर में घुस गए। वहां युवती नहा रही थी। उसको बाथरूम में बंद कर दिया और कमरे से रुपए लेकर चले गए। एक मामले की शिकायत पुलिस से भी की गई है।

लोगों ने बताया कि गैंग बिजली कनेक्शन काटने और मुकदमा कराने की धमकी दे रहा था। स्थानीय लोगों की सूचना पर क्षेत्र के BJP विधायक नंदकिशोर गुर्जर मौके पर पहुंचे। तब तक वे लोग जा चुके थे। विधायक ने बिजली विभाग के अफसरों से बातचीत की। पता चला कि विभाग की तरफ से आज ऐसी कोई टीम नहीं भेजी गई है। इसके बाद विधायक ने यह बयान दिया।


विधायक बोले- इन्हें बांधकर कूटने का काम करें

विधायक नंदकिशोर ने कहा, "मेरी जनता से अपील है कि इन्हें बांधकर कूटने का काम करें। जो इस तरह के लोग आएं, फर्जी हों, उनको पकड़कर बैठा लें। अगर वो नकली हैं तो पब्लिक उन्हें ऑन स्पॉट मार दे। जो कुछ होगा, मैं देख लूंगा। अगर मुकदमा लगता है तो मैं अपने ऊपर लगवाऊंगा, लेकिन कोई डकैत अगर किसी के घर में आ जाए और ऐसा करे तो ये अराजकता है, जघन्य अपराध है। कॉलोनी के लोग अगर खुद मारने में सक्षम नहीं हैं तो मुझे बुला लें, उसकी हत्या मैं करूंगा।"

Post a Comment

0 Comments
Post a Comment (0)
To Top