आज के दिन हैं 3 शुभ योग
ज्योतिषाचार्य डॉ. गणेश मिश्र ने बताया कि इस अमावस्या पर तीन शुभ योग बन रहे हैं। आज सूर्य, चंद्रमा, मंगल और बुध एक ही राशि में रहेंगे। सूर्य और बुध से बुधादित्य योग बन रहा है। इसके साथ ही चंद्रमा और मंगल महालक्ष्मी योग बना रहे हैं। पितृ मोक्ष अमावस्या पर भगवान शिव के नाम का जाप या महामृत्युंजय मंत्र का जाप करना चाहिए। पितरों की संतुष्टि के लिए आज स्नान और तर्पण के बाद अन्न, वस्त्र या अन्य जरूरी सामग्रियों का दान करना चाहिए। मंदिरों में भी दान से विशेष पुण्य मिलता है। पितरों का स्मरण कर आज के दिन जरूरतमंदों को भोजन कराने से पितरों को शांति और खुद को सुकून मिलता है।
दक्षिण भारतीय श्रद्धालु पहुंचे पिशाचमोचन
पितृ मोक्ष अमावस्या पर पितृ पक्ष के अन्य दिनों की अपेक्षा काशी के गंगा घाटों और पिशाचमोचन कुंड पर श्रद्धालुओं की ज्यादा ही भीड़ उमड़ी हुई है। दशाश्वमेध घाट, शीतला घाट, अस्सी घाट, तुलसी घाट सहित सभी प्रमुख गंगा घाट श्रद्धालुओं से ठसाठस भरे हुए हैं। पिशाचमोचन कुंड पर सर्वाधिक दक्षिण भारतीय श्रद्धालुओं ने अपने पितरों की शांति के लिए पिंडदान किया। स्नान, पिंडदान और दान का यह सिलसिला देर शाम तक जारी रहेगा।
