त्योहारों से पहले एक और झटका, बिना सब्सिडी वाला घरेलू गैस सिलेंडर 15 रु. महंगा हुआ

Vishal Dubey
0

पेट्रोलियम कंपनियों ने घरेलू रसोई गैस सिलेंडर के दाम में 15 रुपए की बढ़ोतरी की है। दिल्ली-मुंबई में बिना सब्सिडी वाले 14.2 किलोग्राम के सिलेंडर की कीमत अब 899.50 रुपए हो गई है। 5 किलोग्राम सिलेंडर की नई कीमत अब 502 रुपए है। नई दरें आज से लागू हो गई हैं।

1 अक्टूबर को सरकारी तेल कंपनी इंडियन ऑयल कॉर्पोरेशन (IOC) ने 19 किलोग्राम कॉमर्शियल गैस सिलेंडर के दाम 43.5 रुपए प्रति सिलेंडर तक बढ़ाए थे। दिल्ली में 19 किलोग्राम कॉमर्शियल गैस सिलेंडर की कीमत 1693 रुपए से बढ़कर 1736.5 रुपए प्रति सिलेंडर हो गई है।

आज की अन्य बड़ी खबरें...

जापान में 5.9 तीव्रता का भूकंप, 3 लोग घायल
जापान के उत्तर-पूर्वी इलाके में बुधवार तड़के भूकंप के झटके महसूस किए गए। इसकी चपेट में आने से तीन लोग घायल हो गए। रिक्टर पैमाने पर भूकंप की तीव्रता 5.9 रही। राहत की बात यह है कि सुनामी की चेतावनी जारी नहीं हुई है। साथ ही बड़े पैमाने पर प्रॉपर्टी के नुकसान की खबर नहीं है। जापान मौसम विज्ञान एजेंसी के मुताबिक आज तड़के 2.46 बजे भूकंप के झटके से धरती कांपी।

एयर शो में 30 एयरक्राफ्ट दिखाएंगे करतब
भारतीय वायुसेना के 89वें स्थापना दिवस पर 8 अक्टूबर को एयर शो में 30 एयरक्राफ्ट करतब दिखाएंगे। 2 साल पहले भारत को मिले राफेल भी एयर शो का हिस्सा होंगे। गाजियाबाद में हिंडन एयरबेस पर स्थापना दिवस की तैयारियां जोरों पर हैं। इसके लिए 1 अक्टूबर से भारतीय वायुसेना के विमान आसमान में रोजाना रिहर्सल कर रहे हैं। 6 अक्टूबर को फुल परेड रिहर्सल होगा। 8 अक्टूबर की सुबह आठ बजे एयर शो के कार्यक्रम प्रारंभ हो जाएंगे।

कोवैक्सीन के इस्तेमाल पर WHO अगले हफ्ते फैसला लेगा
विश्व स्वास्थ्य संगठन (WHO) के एक्सपर्ट्स भारत बायोटेक की कोरोना वैक्सीन कोवैक्सीन को लेकर अगले सप्ताह बैठक करेंगे। बैठक में इस पर फैसला लिया जाएगा कि कोवैक्सीन को इमरजेंसी इस्तेमाल की मंजूरी दी जाए या नहीं। UN की हेल्थ बॉडी ने ट्वीट करके इसकी जानकारी दी है। हैदराबाद स्थित भारत बायोटेक की ओर से विकसित कोवैक्सीन का भारत में इमरजेंसी इस्तेमाल की इजाजत है। WHO की मंजूरी के बाद ही इसे दुनिया भर के तमाम देशों में मान्यता मिल जाएगी।

राहुल गांधी का आज लखीमपुर खीरी दौरा
प्रियंका गांधी की गिरफ्तारी के एक दिन बाद कांग्रेस सांसद राहुल गांधी आज सुबह 12:30 बजे लखनऊ पहुंचेंगे। राहुल लखनऊ से सीतापुर होते हुए लखीमपुर खीरी जाएंगे। राहुल 5 सदस्यीय कांग्रेस प्रतिनिधिमंडल के साथ सुबह 12:30 बजे लखनऊ एयरपोर्ट पहुंचेंगे। हालांकि, पुलिस की मुस्तैदी को देखते हुए कांग्रेस सांसद का लखनऊ से बाहर जाना मुश्किल लग रहा है।

प्रशासन ने मंगलवार देर रात राहुल के दौरे से पहले ही राजधानी लखनऊ में 8 अक्टूबर तक धारा 144 लगा दी है। यह तत्काल प्रभाव से लागू कर दी गई है। कांग्रेस ने राहुल के दौरे से पहले मंगलवार को योगी सरकार को चिट्‌ठी लिखकर दौरे की अनुमति मांगी थी, हालांकि प्रशासन ने इससे इनकार कर दिया है।

सुबह 10 बजे कांग्रेस दफ्तर में प्रेस कॉन्फ्रेंस करेंगे राहुल
कांग्रेस महासचिव (संगठन) केसी वेणुगोपाल ने यूपी के सीएम योगी आदित्यनाथ को पत्र लिखकर राहुल गांधी के नेतृत्व वाले प्रतिनिधिमंडल को बुधवार को लखीमपुर खीरी जाने की अनुमति मांगी। वेणुगोपाल ने चिट्‌ठी में लिखा कि जिस तरह यूपी सरकार ने पश्चिम बंगाल के नेताओं को लखीमपुर खीरी जाने की अनुमति दी उसी भावना से कांग्रेस को भी इजाजत दी जानी चाहिए।

हालांकि देर रात यूपी सरकार ने इससे इनकार कर दिया। राहुल गांधी लखीमपुर के लिए रवाना होने से पहले सुबह 10 बजे कांग्रेस दफ्तर में प्रेस कॉन्फ्रेंस करेंगे।

राहुल ऐसे समय में लखीमपुर खीरी जाने की योजना में हैं जब उनकी बहन प्रियंका गांधी पुलिस हिरासत में हैं। हिरासत में लिए जाने के बाद से राहुल गांधी लगातार प्रियंका गांधी का हौसला बढ़ा रहे हैं। उन्होंने मंगलवार की सुबह ट्वीट कर कहा, ''जिसे हिरासत में रखा है, वो डरती नहीं है- सच्ची कांग्रेसी है, हार नहीं मानेगी! सत्याग्रह रुकेगा नहीं।

Post a Comment

0 Comments
Post a Comment (0)
To Top