लखीमपुर खीरी हिंसा की आग काशी तक: अखिलेश के बाद वाराणसी में सपा समर्थकों को पुलिस ने किया गिरफ्तार; सपा ने कहा- लखनऊ में घर के पास बीजेपी ने जानबूझकर जीप में लगवाई आग।- ripe news

Vishal Dubey
0

लखीमपुर खीरी में रविवार को हुई हिंसा का विरोध वाराणसी में भी जगह-जगह शुरू हाे गया है। आज प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के संसदीय क्षेत्र वाराणसी में समाजवादी पार्टी के नेताओं ने मोर्चा खोल दिया है। वाराणसी में सपा के कई नेता इस दौरान जगह-जगह से गिरफ्तार भी किए गए हैं। इस दौरान शहर में चारों ओर भीषण जाम लग गया है। आम शहरियों की दुश्वारियां बढ़ गईं हैं। शहर के साथ ही बनारस के ग्रामीण इलाकों में भी विरोध की आवाज उठने लगी है।

इसको लेकर वाराणसी पुलिस अब ज्यादा सतर्क हो गई है। चप्पे-चप्पे पर पुलिस के सिपाही और लोकल इंटेलीजेंस को तैनात कर दिया गया है। सपाइयों का कहना है कि भाजपा के राज में प्रदेश में अराजकता है और कानून व्यवस्था ध्वस्त हो चुकी है।

जान गंवाने वाले लोगों के परिजनों को ढांढस बंधाने के लिए उनके राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव लखीमपुर खीरी जा रहे थे तो उन्हें वहीं पर गिरफ्तार कर लिया गया। उनके घर के पास पुलिस की जीप में भाजपा के इशारे पर ही जानबूझकर आग लगवाई गई। हम लोग इसे लेकर चुप नहीं बैठेंगे।

इस दौरान सपाइयों ने योगी सरकार के विरोध में जमकर नारेबाजी की। अखिलेश का काफिला रोके जाने की कार्रवाई से खफा सपा समर्थक वाराणसी में सुबह से ही जमकर विरोध प्रदर्शन कर रहे हैं।

वाराणसी जिला मुख्यालय से लेकर काशी हिंदू विश्वविद्यालय के गेट तक सपा कार्यकर्ताओं ने नारेबाजी करते हुए धरना भी दिया।

BHU मेन गेट पर विरोध प्रदर्शन करते सपाई।
BHU मेन गेट पर विरोध प्रदर्शन करते सपाई।

सपाइयों की संख्या बढ़ते देख जिला प्रशासन ने पहले से ही ठीक-ठाक संख्या में पुलिस फोर्स तैनात कर दिया है। वहीं BHU मेन गेट पर 1 कंपनी PSC और कई पुलिस वैन पहले से ही मौजूद है। सपाइयों की मांग है कि उनके मुखिया अखिलेश यादव को लखीमपुर खीरी किसानों से मिलने दिया जाए।

रामनगर शास्त्री चौक पर सपा नेता जितेंद्र यादव व अन्य सपाई।
रामनगर शास्त्री चौक पर सपा नेता जितेंद्र यादव व अन्य सपाई।

पुलिस के कई अधिकारी शांत कराने जुटे

धरनास्थल पर पुलिस की ओर से कई बड़े अधिकारी इन नेताओं को समझाने बुझाकर वापस जाने के लिए कहा, लेकिन सपा कार्यकर्ताओं ने इन्कार कर दिया। हालांकि पुलिस की संख्या बढ़ाने से स्थिति नियंत्रण में है। वहीं सपाइयों ने जिला प्रशासन को एक ज्ञापन भी सौंपा। इसमें लखीमपुर खीरी में हुई हिंसा की CBI जांच कराने और मृतकों के परिवार के लिए 1 करोड़ मुआवजे की मांग की। इस दौरान जिला मुख्यालय पर सपा जिलाध्यक्ष सुजीत यादव उर्फ लक्कड़ पहलवान, सपा महानगर अध्यक्ष विष्णु शर्मा, पूजा यादव, डॉ. ओपी सिंह, मनोज उर्फ गोलू, तो काशी हिंदू विश्वविद्यालय के बाहर सपा युवजन सभा के नेता वरुण सिंह, अमन यादव और रामनगर शास्त्री चौक पर सपा नेता जितेंद्र यादव मलिक के नेतृत्व में सैकड़ों की संख्या में सपाई धरने पर बैठे हैं।

सपाइयों ने की CBI जांच कराने और मृतकों के परिवार के लिए 1 करोड़ मुआवजे की मांग।
सपाइयों ने की CBI जांच कराने और मृतकों के परिवार के लिए 1 करोड़ मुआवजे की मांग।

धरना-प्रदर्शन को लेकर पुलिस और प्रशासनिक महकमा एलर्ट

लखीमपुर खीरी की हिंसक घटना के बाद किसानों और राजनीतिक दलों के धरना-प्रदर्शन को लेकर वाराणसी में पुलिस और प्रशासनिक महकमा अतिरिक्त सतर्कता बरत रहा है। कलेक्ट्रेट, रेलवे स्टेशनों, बस अड्डों और प्रमुख बाजारों के साथ ही BHU गेट के सामने पुलिस और पीएसी के जवान भारी संख्या में तैनात किए गए हैं। नेशनल हाइवे और रिंग रोड पर भी पुलिस ने निगरानी और गश्त बढ़ा दी है। LIU को विशेष रूप से चौकसी बरतने के लिए कहा गया है। अधिकरियों ने मातहतों को कहा है कि हर छोटी-बड़ी घटना पर नजर रखें और उसकी सूचना दें। धरना-प्रदर्शन में शामिल लोगों से संयम से पेश आएं। हर हाल में इस बात पर ध्यान देना है कि कहीं भी स्थिति अनियंत्रित न होने पाए।

वाराणसी के लंका-नरिया मार्ग पर लगा भीषण जाम।
वाराणसी के लंका-नरिया मार्ग पर लगा भीषण जाम।

वाराणसी में आज जगह-जगह विरोध प्रदर्शन की वजह से सड़कों पर भीषण जाम लगा हुआ है। वहीं काशी हिंदू विश्वविद्यालय में प्रवेश परीक्षा की वजह से जाम और भी ज्यादा भयानक हो गया है। लंका से नरिया, सुंदरपुर, सामनेघाट, कैंट, रथयात्रा आदि जगह गाड़ियां टस से मस नहीं हो पा रहीं हैं।

Post a Comment

0 Comments
Post a Comment (0)
To Top