MGKVP में छात्रसंघ चुनाव की हलचल तेज:नवंबर तक एडमिशन होने के बाद मतदान; शहर में होर्डिंग्स और बैनर लगाने की होड़ शुरू

Vishal Dubey
0

वाराणसी स्थित महात्मा गांधी काशी विद्यापीठ में छात्रसंघ चुनाव को लेकर हलचल तेज हो गई। दिवाली बाद इलेक्शन से संबंधित नोटिफिकेशन जारी करने की तैयारी जोर-शोर से चल रही है।

अभी यूजी-पीजी में पहले साल के छात्रों को विश्वविद्यालय आने में महीनेभर का टाइम है। लेकिन इस बार अपना दम-खम दिखाने को तैयार छात्र नेता सड़क से लेकर हॉस्टल तक पोस्टर, बैनर, होर्डिंग और पंफलेट बंटवाने शुरू कर दिए हैं। ये छात्र नेता तो अब पिछले बैच के छात्रों में ही अपनी छवि निर्माण का काम शुरू कर दिए हैं।

एडमिशन के बाद मिलेंगे इलेक्शन ऑफिसर
सूचना है कि यूजी और पीजी की एडमिशन प्रक्रिया पूरी होते ही छात्रसंघ चुनाव कराया जाएगा। इस साल नवंबर के अंत तक विद्यापीठ में काउंसिलिंग पूरी हो जाएगी। वहीं नए सेमेस्टर की क्लासेज भी तब तक स्टार्ट हो जाएंगी। एडमिशन पूरा होने के बाद इलेक्शन ऑफिसर अप्वाइंट होंगे, जो कि विद्यापीठ में चुनाव की सारी व्यवस्थाओं को बनाकर लागू भी कराएंगे। इसी के बाद दिसंबर के पहले सप्ताह में मतदान भी कराने की तैयारी है।

25 नवंबर तक जमा करनी होगी फीस
अभी तक काशी विद्यापीठ में दिवाली से पहले काउंसिलिंग पूरा होने का लक्ष्य था। मगर, अब दिवाली की छुट्टी खत्म होते ही इसे पूरा किया जाएगा। 8 नवंबर से सर्टिफिकेट्स का ऑनलाइन वैरिफिकेशन, ऑनलाइन करेक्शन 12 नवंबर, ऑफलाइन करेक्शन 17-18 नवंबर और 23-25 नवंबर तक फीस जमा होगी। यह काम होते-होते कक्षाएं भी चलने लगेंगी। तब तक छात्रसंघ चुनाव अपने ऊफान पर होगा।

छात्रों को था कार्यकाल घटने का डर
छात्र बीते कई दिन से इस मांग में थे कि छात्रसंघ चुनाव की तारीखों की घोषणा की जाए। कोरोना के कारण इस साल भी सेशन लेट होने से छात्रों को चिंता बढ़ गई थी कि कहीं उनके पद का कार्यकाल न घटा दिया जाए। इस मांग को लेकर शनिवार को छात्रों ने कुलपति प्रो. आंनद त्यागी से मिलकर अपना विरोध भी दर्ज कराया था।

कुलपति प्रो. त्यागी ने छात्रों की समस्या हल करने का आश्वासन दिया था। फिर विद्यापीठ के चीफ प्रॉक्टर ने छात्रों को सूचित किया कि कुलपति से वार्ता के बाद दिसंबर के पहले सप्ताह में चुनाव कराने का फैसला लिया जा रहा है। जल्द ही विश्वविद्यालय की ओर से इसका नोटिफिकेशन भी जारी कर दिया जाएगा।

Post a Comment

0 Comments
Post a Comment (0)
To Top