CM योगी के बाद DM की सख्ती:वाराणसी के जिलाधिकारी बोले- सभी अधिकारी 10 से 12 बजे तक करें जनसुनवाई; चेकिंग में गायब मिलने पर कार्रवाई होगी

Vishal Dubey
0

सरकारी अफसर फील्ड का काम बताकर अपने कार्यालय से गायब रहते हैं और लोगों की फरियाद नहीं सुनते हैं। इसे लेकर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने गहरी नाराजगी जताई है। मुख्यमंत्री के सख्त रुख को देखते हुए वाराणसी के जिलाधिकारी कौशल राज शर्मा ने इस संबंध में जिले के सभी अधिकारियों को रविवार को आगाह किया है। जिलाधिकारी ने कहा कि जिले के सभी अधिकारी हर हाल में अपने कार्यालय में सुबह 10 से 12 बजे तक आवश्यक रूप से जनता की फरियाद सुनें। आकस्मिक निरीक्षण या फोन के माध्यम से रैंडम चेकिंग में जो अधिकारी 10 से 12 बजे के बीच अपने कार्यालय में नहीं मिलेंगे, वह कार्रवाई के लिए तैयार रहें।

जनसुनवाई के बाद ही फील्ड का काम करें

जिलाधिकारी ने जिले के सभी अधिकारियों से कहा कि सभी अफसर जनसुनवाई के बाद ही फील्ड का काम करेंगे। यदि कोई अधिकारी किसी कारण से सुबह 10 से 12 बजे के बीच अपने कार्यालय में जनसुनवाई के लिए उपस्थित नहीं रहते हैं तो इसके लिए जिलाधिकारी से अनुमति लेनी होगी। अनुमति मिलने के बाद ही संबंधित अफसर अपने कार्यालय से जनसुनवाई के समय अनुपस्थित रह सकते हैं। जिलाधिकारी ने कहा कि इस आदेश का सोमवार से सभी अधिकारी कड़ाई से अनुपालन करेंगे। जो भी अधिकारी लापरवाही करता हुआ मिलेगा वह कार्रवाई की जद में आएगा।

वैक्सीन लगवाने में कोताही न करें

जिलाधिकारी कौशल राज शर्मा ने जिले के लोगों से अपील की है कि वो कोरोना की वैक्सीन लगवाने में किसी भी तरह का संकोच न करें। खुद भी वैक्सीन लगवाएं और दूसरों को भी इसके लिए प्रेरित करें। इसी क्रम में जिलाधिकारी ने जिले के सभी सरकारी विभागों के अधिकारियों को कहा है कि वह अपने स्तर पर भी आमजन को कोरोना वैक्सीन लगवाने के लिए लगातार प्रेरित करते रहें। जनसुनवाई के दौरान आने वाले लोगों को मास्क और सोशल डिस्टेंसिंग के नियम का पालन करने के लिए लगातार प्रेरित करते रहें।


Post a Comment

0 Comments
Post a Comment (0)
To Top