Akhilesh and Priyanka: जब फ्लाइट में आमने-सामने हुए अखिलेश यादव और प्रियंका गांधी वाड्रा

Vishal Dubey
0

उत्तर प्रदेश में 2022 में होने वाले विधानसभा चुनाव को लेकर नेताओं की व्यस्तता भी काफी बढ़ गई है। इस दौरान भले ही वह लोग जनसभा में एक-दूसरे पर हमला बोलें और छींटाकशी करें, लेकिन जब आमना-सामना होता है तो आंखों से ही अभिवादन होता है। 

लखनऊ में शुक्रवार को दिल्ली से लखनऊ आ रही फ्लाइट के लैंड होते समय समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव और अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी की राष्ट्रीय महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा की संक्षिप्त मुलाकात हुई। आज दिल्ली से लखनऊ आते वक्त विस्तारा की फ्लाइट में इन दोनों की मुलाकात की फोटो इंटरनेट मीडिया पर वायरल है। इन दोनों नेताओं ने इस दौरान एक-दूसरे का अभिवादन किया। फ्लाइट में दोनों ही नेताओं ने आपस में बात भी की। फ्लाइट जब लखनऊ लैंड कर गई तो अखिलेश आगे बिजनेस क्लास में थे और प्रियंका गांधी पीछे की ओर बैठी थीं। अखिलेश को जब पता चला कि फ्लाइट में प्रियंका भी हैं तो वह रुक गए और दोनों के बीच संक्षिप्त बातचीत हुई। यह आज दोपहर करीब तीन बजे का है। 

 बता दें कि समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव आज ही लखनऊ से दिल्ली दौरे पर पहुंचे थे। यहां उन्होंने पार्टी के संरक्षक मुलायम सिंह यादव से मुलाकात भी की थी। इसके बाद वह लखनऊ वापस लौट रहे थे। कांग्रेस महासचिव और यूपी प्रभारी प्रियंका गांधी वाड्रा भी दिल्ली से आज फिर लखनऊ आ रही थीं। प्रियंका गांधी शनिवार को बाराबंकी में कांग्रेस की प्रतिज्ञा यात्रा को हरी झंडी दिखाएंगी। इसके साथ वह कई कार्यक्रमों में हिस्सा लेंगी। प्रियंका गांधी उत्तर प्रदेश में लगातार सक्रिय हैं और संगठन को मजबूत करने की कवायद कर रही हैं।

Post a Comment

0 Comments
Post a Comment (0)
To Top