सपा और भागीदारी संकल्प मोर्चा का होगा गठबंधन:वाराणसी में ओम प्रकाश राजभर बोले- 27 अक्टूबर को मऊ में होगी घोषणा; BJP की विदाई अब तय

Vishal Dubey
0

सपा और भागीदारी संकल्प मोर्चा का होगा गठबंधन:वाराणसी में ओम प्रकाश राजभर बोले- 27 अक्टूबर को मऊ में होगी घोषणा; BJP की विदाई अब तय

वाराणसीएक घंटा पहले
ओम प्रकाश राजभर, सुभासपा अध्यक्ष। - Dainik Bhaskar


उत्तर प्रदेश के आगामी विधानसभा चुनाव में समाजवादी पार्टी के साथ भागीदार संकल्प मोर्चा का गठबंधन होगा। यह जानकारी गुरुवार को वाराणसी में सुहलदेव भारतीय समाज पार्टी के अध्यक्ष ओम प्रकाश राजभर ने दी। बताया कि 27 अक्टूबर को मऊ जिले के हलधरपुर में सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव आएंगे तो वहीं हमारे गठबंधन की घोषणा की जाएगी। हमारे बीच सीट को लेकर कोई झगड़ा नहीं है। हमारा लक्ष्य सिर्फ यह है कि भाजपा को सरकार से कैसे बेदखल किया जाए।

हमारी और उनकी लड़ाई के मुद्दे एक ही हैं

सुभासपा अध्यक्ष ने सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव से मुलाकात के संबंध में विस्तार से बात की। कहा कि हम और सपा एक ही मुद्दों को लेकर लड़ रहे हैं। हमारी और सपा की मांग है कि जातिगत जनगणना हो। सामाजिक न्याय समिति की रिपोर्ट लागू हो। घरेलू बिजली के बिल से जनता को राहत मिले। गरीबों का इलाज फ्री में हो। महिलाओं की सुरक्षा की पुख्ता व्यवस्था हो। नौजवानों को रोजगार मिले।

प्रदेश में अमन-चैन भारतीय जनता पार्टी ने बिगाड़ रखा है, इससे जनता को निजात मिले। हिंदू और मुसलमान के बीच नफरत न फैले। जो पत्रकार सच दिखा रहे हैं उनके खिलाफ सरकार की तरफ से मुकदमे लिखे जा रहे हैं, ऐसा आगे न हो। जनता को महंगाई और भ्रष्टाचार से निजात मिले।

जिससे गठबंधन करते हैं उसकी सरकार बनती है

सुभासपा अध्यक्ष ने मीडिया की सराहना करते हुए कहा कि उत्तर प्रदेश की राजनीति में आप लोगों के बल पर ओम प्रकाश राजभर ऐसा व्यक्ति पैदा हो गया है कि वह जिसके साथ जाएगा, उसकी सरकार बनेगी। पहले हमने भाजपा के साथ गठबंधन किया तो उनकी सरकार बन गई। अब हम समाजवादी पार्टी के साथ गठबंधन करने जा रहे हैं तो उनकी सरकार उत्तर प्रदेश में बनेगी। उत्तर प्रदेश में विधानसभा चुनाव का परिणाम आने के बाद सपा और भागीदारी संकल्प मोर्चा से ज्यादा सीट किसी के पास नहीं होगी।

सैंया भए कोतवाल तो डर काहे का

आगरा में पुलिस कस्टडी में युवक की मौत के सवाल पर ओम प्रकाश राजभर ने कहा कि सैंया भए कोतवाल तो डर काहे का...। देश की सुरक्षा की जिम्मेदारी लेने वाले गृह राज्य मंत्री का बेटा ही खुद लोगों की हत्या करता है और प्रदेश सरकार उसकी गिरफ्तारी नहीं कराती है। सरकार आरोपी को बचाने का काम करती है। उसके बाद जब सुप्रीम कोर्ट का डंडा चला है तब गिरफ्तारी होती है।

उन्होंने कहा कि कल मैं गाजीपुर में था और चार मृतकों के ऊपर पुलिस के ऊपर पथराव के आरोप में मुकदमा हुआ है। हिटलर वाली सरकार और इसके मुलाजिम तो गजब कर रहे हैं। आगामी 27 अक्टूबर को जब हम गठबंधन की घोषणा करेंगे तो उसी दिन भाजपा सरकार की विदाई तय हो जाएगी। प्रदेश की जनता भाजपा की सरकार को सत्ता से हटाना चाहती है और यह 2022 में होकर रहेगा।

Post a Comment

0 Comments
Post a Comment (0)
To Top