CM योगी आज काशी आएंगे:PM मोदी के वाराणसी आगमन की तैयारियों का लेंगे जायजा, विकास कार्यों की प्रगति की करेंगे समीक्षा

Vishal Dubey
0

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ आज शाम वाराणसी आएंगे। 25 अक्टूबर को वाराणसी आ रहे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आगमन संबंधी तैयारियों का मुख्यमंत्री जायजा लेंगे। प्रधानमंत्री द्वारा लोकार्पित की जाने वाली प्रमुख परियोजनाओं का मुख्यमंत्री स्थलीय निरीक्षण भी करेंगे। इसके बाद विकास कार्यों की प्रगति और कानून व्यवस्था की समीक्षा करेंगे। इस दौरान वह भाजपा नेताओं के साथ अलग से बैठक भी करेंगे। अफसरों ने बताया कि रात में मुख्यमंत्री श्री काशी विश्वनाथ मंदिर में दर्शन-पूजन करेंगे। फिर विश्वनाथ धाम के निर्माण कार्य की प्रगति का जायजा लेंगे।

फिलहाल एक घंटे का समय मिला है काशी के लिए

प्रधानमंत्री 25 अक्टूबर को सिद्धार्थनगर से वाराणसी आएंगे। जिला प्रशासन के अफसरों ने बताया कि फिलहाल वाराणसी के लिए प्रधानमंत्री का एक घंटे का ही समय मिला है। उनका हेलीकॉप्टर सिद्धार्थनगर से सीधे मेहदीगंज में सभास्थल के समीप बने हेलीपैड पर लैंड करेगा। स्पेशल प्रोटेक्शन ग्रुप (SPG) के अधिकारी प्रधानमंत्री की सुरक्षा व्यवस्था संबंधी कार्ययोजना को अंतिम रूप दे सकते हैं। प्रधानमंत्री का मिनट टू मिनट प्रोटोकॉल 24 अक्टूबर की देर रात फाइनल होगा, तब जाकर वास्तविक स्थिति स्पष्ट होगी कि प्रधानमंत्री काशी में कितनी देर रहेंगे।

आज से सभास्थल SPG की निगरानी में

मेहदीगंज स्थित प्रधानमंत्री का सभास्थल शनिवार से SPG के अधिकारियों की देखरेख में रहेगा। रविवार को प्रधानमंत्री की सुरक्षा में तैनात होने वाले पुलिसकर्मियों को उनकी ड्यूटी के बारे में बताया जाएगा। साथ ही सेना के हेलीकॉप्टर टच एंड गो रिहर्सल करेंगे और प्रधानमंत्री की डमी फ्लीट का भी ग्रैंड रिहर्सल किया जाएगा।

गौरतलब है कि प्रधानमंत्री की आंतरिक सुरक्षा व्यवस्था में SPG, NSG कमांडो और केंद्रीय खुफिया एजेंसियों के अधिकारी तैनात रहेंगे। वहीं, बाह्य सुरक्षा घेरे में 15 आईपीएस के नेतृत्व में 10 हजार से अधिक पुलिस, पीएसी व सेंट्रल पैरामिलिट्री फोर्स के जवान, लोकल इंटेलिजेंस यूनिट, बम निरोधक दस्ता, डॉग स्क्वॉड और दमकल का दस्ता तैनात रहेगा। कार्यक्रम स्थल सीसीटीवी कैमरे से लैस रहेगा।

Post a Comment

0 Comments
Post a Comment (0)
To Top