पावर कारपोरेशन के त्रिपुला ट्रांसमिशन के यार्ड में आई तकनीकी खराबी के कारण गुरुवार की सुबह से ही नगर के हिस्सों की बिजली आपूर्ति ठप है। करीब 35000 घरों में बिजली नहीं है। इस कारण नवरात्र के प्रथम दिन लोगों को संकट का सामना करना पड़ रहा है। लाइट नहीं आने से लोगों का गर्मी से बुरा हाल है। वहीं पावर कारपोरेशन की ओर से फाल्ट ठीक करने का काम किया जा रहा है।
नगर के इंदिरा नगर प्रगति पुरम आचार्य द्विवेदी नगर तेलिया कोट बिजली उपकेंद्र को त्रिपुला ट्रांसमिशन से बिजली आपूर्ति की जाती है। भोर में ट्रांसमिशन के यार्ड में तकनीकी खराबी आ गई। इसके कारण इन चारों उप केंद्रों की बिजली आपूर्ति ठप हो गई। इंदिरा नगर, प्रगतिपुरम, कल्लू का पुरवा, निराला नगर, आवास विकास कॉलोनी, आरडीए कॉलोनी, तेलिया कोट, कहारों का अड्डा, बस स्टेशन, जेल रोड, नेताजी सुभाष चंद्र बोस नगर, राना नगर, अमर नगर समेत अन्य मुहल्लों में रहने वाले करीब 35000 घरों के लोग बेहाल हैं। तमाम लोगों को पेयजल संकट का सामना करना पड़ रहा। सुबह करीब 7:00 बजे से कर्मचारी मरम्मत में जुट गए, तब कहीं जाकर 2 घंटे बाद इंदिरा नगर उप केंद्र की बिजली आपूर्ति शुरू हो सकी। वहीं अन्य इलाकों में अबतक लोग बिजली आने का इंतजार कर रहे हैं।
विद्युत वितरण खंड प्रथम के अधिशासी अभियंता ओपी सिंह ने बताया कि त्रिपुला ट्रांसमिशन में तकनीकी खराबी के कारण चार उपकेंद्रों की आपूर्ति प्रभावित हुई थी। मरम्मत का काम चल रहा है। जल्द से जल्द सभी उपभोक्ताओं को बिजली मिलने लगेगी।
