सपा ने महिला कार्यकर्ताओं को आगे बढ़ाया है
जूही सिंह सारनाथ स्थित समाजवादी जन संवाद कार्यक्रम को संबोधित करने आई थीं। पत्रकारों से बातचीत में जूही सिंह ने कहा कि लोहिया और नेताजी की पार्टी समाजवादी पार्टी अपनी महिला कार्यकर्ताओं को हमेशा से आगे बढ़ाई है और समर्थन दी है। महिला होने के नाते मैं यह कहूंगी कि महंगाई चरम पर है। खाद्य पदार्थ, पेट्रोल-डीजल और गैस सिलेंडर के दाम लगातार बढ़ रहे हैं। क्या खाएं और क्या पकाएं, समझ में नहीं आता है।
दिवाली नजदीक है और बाजार से अपनी जरूरत भर का सामान तक लोग नहीं खरीद पा रहे हैं। इस सरकार को महिलाओं, बच्चों और परिवारों की पीड़ा नही नजर आ रही है। भाजपा की सरकार को उत्तर प्रदेश से अब हर हाल में हटा देना चाहिए।
फ्री में वैक्सीन देने का आडंबर कर रही भाजपा
जूही सिंह ने कहा कि सरकार फ्री में कोरोना का वैक्सीन देने का आडंबर कर रही है। हम तरह-तरह का टैक्स देते हैं और उसी पैसे से वैक्सीन लगाई जा रही है। भाजपा की सरकार खुद कन्फ्यूज है। हमारी पार्टी उत्तर प्रदेश में फिर से अपनी सरकार जरूर बनाएगी। हमारी सरकार दवाई मुफ्त, पढ़ाई मुफ्त और सिंचाई मुफ्त की बात करती हैं। बड़े देशों में जनता को शिक्षा मुफ्त मिलती है। हम लोग भी यही करना चाहते हैं कि जनता के टैक्स के पैसे से शिक्षा, सिंचाई, स्वास्थ्य की व्यवस्था हो। इन्हीं मुद्दों को लेकर जनता के सहयोग से हम अपनी सरकार 2022 में बनाएंगे।
सुभासपा से गठबंधन अच्छा रहेगा
जूही सिंह ने कहा कि ओम प्रकाश राजभर जनाधार वाले नेता हैं। वह मुद्दों की बात करते हैं, उन्हें भारतीय जनता पार्टी में सम्मान नहीं मिला। वह पिछड़ों के विकास की बात करते हैं। समाजवादी पार्टी भी पिछड़ों के विकास की बात करती हैं। इसलिए ओम प्रकाश राजभर की पार्टी से गठबंधन करना अच्छा रहेगा। समाजवादी पार्टी गठबंधन धर्म निभाना जानती है।
