आजकल कम उम्र में ही आंखों का कमजोर होना, दर्द होना, पानी आना या धुंधलाना आम समस्या है। अमूमन, इसका कारण मोबाइल, टीवी व लेपटाप को बता दिया जाता है, लेकिन विशेषज्ञों की मानें तो यह बात आधी ही सच है। 50 फीसद बच्चों में इन समस्याअों का कारण विटामिन-ए की कमी होता है। इसलिए बच्चों को पोलियो ड्राप व अन्य टीकों की तरह विटामिन ए की खुराक भी जरूर पिलाएं। उनके अनुसार विटामिन ए पिलाने से और भी कई फायदे बच्चों को होते हैं। विशेषज्ञों के अनुसार ऐसे बच्चे जो विटामिन ए की खुराक ले चुके होते हैं, उन्हें अन्य बच्चों की अपेक्षा कोरोना का खतरा भी कम रहता है।
श्वसन तंत्र की भी सुरक्षा
सीएमओ डा. आनंद कुमार उपाध्याय ने बताया कि बच्चों को विटामिन ‘ए’ की खुराक देने से शरीर की एपिथीलियल लेयर मजबूत होती है। यह परत हर बच्चे के रेस्पिरेटरी ट्रैक यानि श्वसन तंत्र में भी होती है। यदि बच्चे के रेस्पिरेटरी ट्रैक में एपिथीलियल लेयर मजबूत रहेगी, तो वायरस कोविड-19 भी इस परत को अतिक्रमित करने में असहाय महसूस करेगा। साथ ही इस वायरस के श्वसन तंत्र से भीतर जाने की गुंजाइश भी काफी कम हो जाती है।
