पड़ोसी देश नेपाल को गोरखपुर-सोनौली राजमार्ग जोड़ता है। इतने महत्वपूर्ण राजमार्ग पर महराजगंज जिले के नौतनवां उपनगर में सड़क के दोनों तरफ प्रत्येक दिन बड़ी संख्या में ट्रक खड़े हो जाते हैं। सड़क पर ही इन ट्रकों से सामान उतारा जाता है। जिसके चलते आए दिन हादसे होते रहते हैं। इसके बाजवूद ट्रकों को सड़क के दोनों किनारों पर खड़ा होने से रोकने को लेकर कत्तई गंभीर नहीं दिख रहा। तब जबकि जुलाई माह में इन ट्रको की वजह से दो दर्जन से अधिक सड़क हादसे हो चुके हैं।
बड़ी संख्या में नेपाल आते-जाते हैं सैलानी
भारतीय नागरिकों के साथ ही साथ दूसरे देशों के सैलानी भी हर रोज बड़ी संख्या में नेपाल आते-जाते हैं। नेपाल जाने के लिए उन्हें नौतनवा उपनगर से होकर गुजरना होता है। सड़क के दोनों तरफ ट्रकों के खड़े होने की वजह से उन्हें भारी असुविधा का सामाना करना पड़ता है। कई बार ट्रकों की वजह से पर्यटकों को नौतनवा उपनगर में घंटों जाम से भी जूझना पड़ता है। इसके बाद भी इस समस्या का स्थाई समाधान निकालने के लिए जिला प्रशासन की तरफ से कभी कोई पहल नहीं की गई। स्थानीय लोगों के कभी-कभार विरोध करने पर तात्कालिक तौर पर ट्रकों को हटवा तो दिया जाता है लेकिन अगले ही दिन स्थिति फिर जस की तस हो जाती है।
