युवक के ऊपर हाईटेंशन तार टूटकर गिरा, मौत -Ripe News-

Vishal Dubey
0
मेन रोड स्थित मलिकनगर तिराहे के पास गुरुवार को समोसा खा रहे युवक के ऊपर हाईटेंशन का तार टूटकर गिर गया। इसमें युवक की मौके पर ही मौत हो गई। घटना से नाराज सैंथली गांव के लोगों ने थाने पर हंगामा किया। मौके पर जुटे पुलिस-प्रशासनिक व बिजली विभाग के अधिकारियों ने पांच लाख की आर्थिक सहायता के अलावा कड़ी कार्रवाई कराने का भरोसा देकर लोगों को किसी तरह शांत किया।सैंथली गांव निवासी राकेश गांव में ही साइबर कैफे चलाते थे। गुरुवार दोपहर को वे मुरादनगर अस्पताल में अपनी पत्नी रीना के साथ वैक्सीन लगवाने के लिए गए थे। वैक्सीन लगवाने के बाद वे मेन रोड पर मलिकनगर तिराहे पर हलवाई की दुकान पर चले गए। पत्नी थोड़ी दूरी पर खड़ी थी, जबकि वे समोसा खा रहे थे। इसी दौरान ऊपर से गुजर रही विद्युत की हाईटेंशन लाइन का तार टूटकर अचानक से उनके ऊपर गिर गया और वे उसमें बुरी तरह झुलस गए। बिजली जाने के बाद लोगों ने आनन फानन में उनको निकट अस्पताल में भर्ती कराया। जहां डाक्टरों ने उनको मृत घोषित कर दिया। इसकी जानकारी जैसे ही ग्रामीणों को लगी तो सैकड़ों की संख्या में लोग थाने पर पहुंच गए। उन्होंने बिजली विभाग की लापरवाही से घटना होने का आरोप लगाते हुए हंगामा किया। इसकी जानकारी मिलने पर तहसीलदार प्रकाश सिंह, बिजली विभाग के अधिकारी ब्रह्मानंद मौके पर पहुंचे तो लोग उनको देखकर और ज्यादा उग्र हो गए। अधिकारियों ने सूझबूझ का परिचय देते हुए किसी तरह उनको समझाया। बिजली विभाग की ओर से मृतकाश्रितों को पांच लाख की आर्थिक सहायता तत्काल दी गई। तहसीलदार ने पीड़ित परिवार को भरोसा दिया कि वे मुख्यमंत्री राहत कोष से भी उनकी आर्थिक सहायता कराने का पूरा पूरा प्रयास करेंगे। साथ ही इसमें जिम्मेदारों पर कडी कार्रवाई भी कराई जाएगी। मृतक राकेश का एक बेटा व एक बेटी है।

Post a Comment

0 Comments
Post a Comment (0)
To Top