रेलवे स्टेशन रोड स्थित होटल के कमरे में महिला की हत्या के मामले में पुलिस उसके पति राकेश की तलाश कर रही है। हालांकि आरोपित की आखिरी लोकेशन स्टेशन के आसपास ही मिली है। उसके बाद से मोबाइल फोन बंद है। पुलिस सर्विलांस की मदद ले रही है। वहीं रविवार को महिला के शव का पोस्टमार्टम होगा, जिसके बाद मौत का कारण स्पष्ट होगा। होटल मालिक हरजीत की तहरीर पर राकेश के खिलाफ हत्या करा मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। आरोपित की तलाश की जा रही है। उसकी आखिरी लोकेशन रेलवे स्टेशन के आसपास ही मिली है।
ऐसे हुई थी महिला की हत्या
छर्रा थाना क्षेत्र के गांव बहोते निवासी 40 वर्षीय मंजू देवी करीब आठ साल से अपने पति को छोड़कर दादों थाना क्षेत्र के गांव नगला ककौड़ निवासी राकेश यादव के साथ रह रही थी। दोनों क्वार्सी थाना क्षेत्र में पीएसी के पास स्थित वृंदावन कालोनी में किराए के मकान में रह रहे थे। शनिवार सुबह करीब छह बजे राकेश और मंजू रेलवे रोड स्थित रंजीत होटल में पहुंचे। यहां कमरा नंबर छह में ठहरे। करीब साढ़े आठ बजे राकेश चाय लेने के बहाने होटल से निकल गया। करीब 12 बजे होटल स्टाफ का एक कर्मचारी कमरे में पहुंचा तो दरवाजा नहीं खुला। पुलिस ने ताला तोड़ा तो बेड पर मंजू का शव पड़ा था। शरीर पर कोई चोट के निशान नहीं थे। हालांकि पुलिस मान रही है कि महिला को गला दबाकर मारा गया है। सीसीटीवी कैमरे चेक किए तो राकेश पैदल ही बाहर जाता हुआ दिख रहा था। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम हाउस भिजवाकर मंजू के स्वजन को सूचना दी। शाम करीब सात बजे मंजू की बेटी पूजा व बेटा जितेंद्र सिविल लाइन थाने पहुंचे। इंस्पेक्टर रवींद्र कुमार दुबे ने बताया कि होटल मालिक हरजीत की तहरीर पर राकेश के खिलाफ हत्या करा मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। आरोपित की तलाश की जा रही है। उसकी आखिरी लोकेशन रेलवे स्टेशन के आसपास ही मिली है।
