मधुबन बापूधाम थाना क्षेत्र के मेरठ रोड पर मननधाम मंदिर के सामने दबंगों ने एक फैक्ट्री की जमीन पर कब्जे का प्रयास करने के मामले में रिपोर्ट दर्ज होने के बावजूद दोबारा कब्जे का प्रयास किया। करीब 41 दबंग बुधवार सुबह फैक्ट्री पर पहुंच गए और दो सुरक्षा गार्डों को कब्जे में लेकर फैक्ट्री पर जेसीबी चलाने के साथ तारबंदी करने लगे। पीड़ित ने पुलिस को सूचना दी तो आरोपित मौके से भागे। इस मामले में पीड़ित ने आरोपितों को खिलाफ दोबारा एफआइआर दर्ज कराई है।
राजनगर सेक्टर 13 निवासी ओमप्रकाश धमीजा ने बताया कि मेरठ रोड पर उन्होंने अपने भाइयों गुरुबक्श धमीजा व जितेंद्र धमीजा के साथ मिलकर वर्ष 2005 में खसरा नंबर 1271 पर 1650 वर्ग मीटर की जमीन खरीदी थी। इस भूमि पर उन्होंने धमीजा ग्राइंडर्स के नाम से मसाले बनाने की फैक्ट्री लगाई। आरोप है कि मोरटा के रहने वाले कुछ लोग वर्ष 2010 से इस भूमि पर विवाद पैदा कर रहे थे। कोर्ट ने धमीजा के पक्ष में स्टे दिया था। शनिवार को आरोपितों ने अपने साथियों के साथ मिलकर जेसीबी चलाकर फैक्ट्री पर कब्जे का प्रयास किया था। इस मामले में पीड़ित ने आरोपितों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई थी। आरोप है कि रिपोर्ट दर्ज होने के बावजूद आरोपित नहीं माने। बुधवार सुबह उन्होंने दोबारा फैक्ट्री पर कब्जे का प्रयास किया। इस माममले में ओमप्रकाश धमीजा ने देवेंद्र विजयपाल, सतवीर, संजय, शीशपाल, बूली, अमित, धनपाल, जोगेंद्र, संजीव व मनोज को नामजद करते हुए 30 अज्ञात लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई है।
