BJP President JP Nadda Uttar Pradesh visit: विधानसभा चुनाव में भाजपा की फिर से जीत के लिए जमीनी मोर्चा सजाया जा रहा है। उत्तर प्रदेश के दो दिवसीय प्रवास पर लखनऊ पहुंचे पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा पहले दिन यहां 'क्लास टीचर' की भूमिका में नजर आए। नवनिर्वाचित जिला पंचायत अध्यक्ष और ब्लाक प्रमुखों को सरकार की योजनाओं व उपलब्धियों के आंकड़े गिनाए। सलाह दी कि इन्हें लिख लें। यह जुबान पर रहें और जनता के बीच मोदी-योगी सरकार के काम की चर्चा करें। साथ ही राजनीति का गुरुमंत्र देते हुए पार्टी अध्यक्ष ने संदेश दिया कि आप नेता नहीं, जनता के विश्वास के कस्टोडियन (संरक्षक) हैं।
लखनऊ, जेएनएन। उत्तर प्रदेश में 2022 के विधानसभा चुनाव की तैयारी में लगी भारतीय जनता पार्टी उत्तर प्रदेश की टीम को पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा ने शनिवार को विधानसभा चुनाव जीतने का गुरु मंत्र दिया। नड्डा ने यहां इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान में जिला पंचायत अध्यक्ष व ब्लाक प्रमुख सम्मेलन को संबोधित किया। इस दौरान उन्होंने सभी को विधानसभा चुनाव को जीतने का गुरु मंत्र दिया और कहा कि तर्क और आंकड़ों के साथ कैसे गांव-गांव जाकर लोगों को भाजपा के शासन की सभी अच्छाइयां बतानी है, ताकि चुनाव के दौरान लोग किसी बहकावे में ना आएं।
गांव की सरकार बनाने के बाद सम्मेलन में पहुंचे अपने प्रतिनिधियों में जेपी नड्डा ने यह कहकर जोश भरा कि उनकी पंचायत की जीत प्रजातंत्र की जीत है। छोटा चुनाव जीतना बड़ा मुश्किल होता है जो जीत कर आए हैं वह बड़े भाग्यशाली हैं। उन्होंने कहा कि कहीं पर भी छोटे चुनाव जीतना ज्यादा मुश्किल होता है। आप सभी सौभाग्यशाली हैं। अब खुद को जनता की सेवा में समर्पित करें। आपको जनता ने चुनकर यहां भेजा, इसलिए नेता नहीं, जनता के विश्वास के कस्टोडियन बनकर काम करें। नड्डा ने मंत्र दिया कि जनता की जरूरत के हिसाब से एजेंडा तय करें। मोदी-सरकार की विभिन्न योजनाओं का लाभ अपने ब्लाक के प्रत्येक पात्र जरूरतमंद तक पहुंचाएं। यह देने वाली सरकार है, आप लेने वाले बनकर जनता तक पहुंचाएं। उन्होंने कहा कि ईमानदार और सेवा समर्पित नेतृत्व को जमीनी स्तर पर मजबूती देने की जिम्मेदारी आपकी है।
