गंगा व यमुना समेत कई नदियों का जलस्तर बढ़ने से कई इलाकों में हाहाकारी लहरों ने हालात मुश्किल कर दिए हैं। उत्तर प्रदेश के बहुत से इलाके बाढ़ से घिर गए हैं। आपदाग्रस्त कालपी में शनिवार को नौकायन कर रहे युवकों की नाव लहरों के वेग से असंतुलित होकर पेड़ से टकराकर यमुना में डूब गई। हादसे में चार युवकों के डूबने की सूचना है। मप्र में चंबल नदी खतरे के निशान से चार मीटर ऊपर बह रही है। बारिश के बीच वज्रपात से बिहार में 11 तो झारखंड में 14 लोगों की मौत हो गई तथा कई अन्य घायल हो गए।
यूपी में हाहाकारी हुईं लहरें
उत्तर प्रदेश के हमीरपुर, बांदा, चित्रकूट में यमुना के जलस्तर में बढ़ोतरी जारी है। चित्रकूट में यमुना तेजी से खतरे के निशान की ओर बढ़ रही है। इससे मऊ व राजापुर तहसील के एक दर्जन से अधिक गांवों में बाढ़ के हालात हैं। बांदा में केन में करीब एक मीटर की और यमुना में लगभग 73 सेमी बढ़ोतरी हुई है। औरैया में यमुना का जलस्तर 117.02 मीटर है। यमुना का चेतावनी बिंदु 112.00 मीटर तथा खतरे का निशान 113.00 मीटर पर है। कन्नौज में गंगा का जलस्तर घटा है, लेकिन हालात सामान्य नहीं हैं।
