प्रयागराज में करेली थाने की पुलिस और क्राइम ब्रांच ने इधर हफ्ते भर में दो बार नकली दवाओं का जखीरा बरामद किया। पहले तो नशे की दवाएं लेकर मध्य प्रदेश जा रहे एक शख्स को कोतवाली इलाके में गिरफ्तार किया गया था फिर तीन दिन पहले करैलाबाग बालू मंडी के पास पिकअप को पकड़कर उसकी तलाशी ली गई तो आलू की बोरियों के नीचे 17 कार्टून में भरी 9600 नकली दवा से भरी शीशी बरामद की। दो लोगों को पकड़ा भी गया। पूछताछ में पता चला कि इसे रामबाग स्थित एक गोदाम से लादा गया था और इसे मध्य प्रदेश ले जाना था। अब पुलिस इस गिरोह की जानकारी जुटा रही है।
भनक लगी ओर सक्रिय हो गई थी पुलिस
पिछले दिनों प्रयागराज पुलिस ने कई स्थानों पर नकली दवाओं की खरीद फरोख्त करने वाले गिरोह की धरपकड़ की है। दो दिन पहले भी पहले भी पुलिस ने ऐसी ही गिरफ्तारी की थी। हुआ कुछ यूं कि करेली थाना प्रभारी बृजेश सिंह को जानकारी मिली कि कुछ लोग नकली दवा लेकर क्षेत्र से गुजरने वाले हैं। इसकी भनक क्राइम ब्रांच गंगापार के प्रभारी मनोज सिंह को भी लग गई। वह भी टीम के साथ करेली थाने पहुंचे। करैलाबाग बालू मंडी के पास पुलिस ने वाहनों की जांच शुरू की। कुछ देर बाद एक पिकअप पहुंची। इसमें दो लोग सवार थे। पुलिस ने पूछा कि वाहन में क्या लदा है तो दोनों ने बताया कि आलू है। जांच की गई तो आलू की बोरियां लदी थीं। इसी दौरान पुलिसर्किमयों की नजर बोरियों के नीचे दबे कार्टून पर पड़ी। बोरियों को हटवाया गया तो 17 कार्टून मिले। इसे खोला गया तो इसमें दवाओं की शीशी थी। सूचना औषधि विभाग को दी गई तो औषधि निरीक्षक दिव्य प्रकाश मौके पर पहुंचे। दवाओं और शीशी पर लगी लेबल को देखा। उन्होंने बताया कि प्रथम²ष्टया यह दवाएं नकली होने की संभावना हैं। ऐसी नकली दवाओं का उपयोग नशे की लत के लिए भी किया जाता है। दोनों से दवाओं के कागजात मांगे गए, लेकिन वह नहीं दिखा सके। इसके बाद दोनों से पुलिस ने पूछताछ शुरू की। चालक ने अपना नाम सूरज रविदास निवासी जलकल संस्थान करैलाबाग व दूसरे ने अपना नाम प्रवीण श्रीवास्तव निवासी मीरापुर थाना अतरसुइया बताया। एसओ बृजेश सिंह का कहना है कि पूछताछ के दौरान दोनों ने बताया कि रामबाग स्थित एक गोदाम से दवाओं को लादा था। कौशांबी के रास्ते इसे मध्य प्रदेश ले जाना था, जहां से इसे विभिन्न जनपदों में बेचा जाता। गिरोह के अन्य साथियों के बारे में भी दोनों से पूछा गया तो गोलमोल जवाब देते रहे।
