सम्भल के हजरतनगर गढी थानाक्षेत्र के ग्राम शाहपुर में गुरुवार की देर शाम हुई हृदय विदारक घटना ने सबको गमगीन कर दिया। गांव के निकट एक ईंट भट्ठेे के पानी से भरे गड्ढे में तीन मासूम डूब गए।शाहपुर गांव निवासी भयंकर और सर्वेंद्र सिंह सगे भाई हैं। गुरुवार की शाम को दोनों भाई परिवार के अन्य लोगों के साथ अपने खेत पर धान की रोपाई करने गए थे। वहां भयंकर के दो बच्चे 12 साल का निर्भय व उसकी दस साल की बहन श्रद्धा और सर्वेंद्र का आठ साल का पुत्र युग खेलने लगे। जब परिवार के लोग रोपाई में लग गए तो तीनों बच्चे खेलते खेलते वहां से कुछ दूरी पर स्थित एक ईंट भट्ठे के समीप जा पहुंचे। वहां पर एक गड्ढा था तथा उसमें पानी भरा था। तीनों बच्चें पानी में डूब गए। आसपास कोई नहीं था जो उन्हें बचा सके।
