संतकबीर नगर: मजिस्ट्रेट की निगरानी में शुक्रवार को दो पालियों में खलीलाबाद के सात व मगहर के एक कुल आठ केंद्र पर बीएड की संयुक्त प्रवेश परीक्षा होगी। पहली पाली सुबह के नौ बजे से दोपहर के 12 बजे तक तथा दूसरी पाली की परीक्षा दोपहर के दो बजे से शाम के पांच बजे तक चलेगी। इन केंदों में 3300 परीक्षार्थी यह परीक्षा देंगे। डीएम के दिशा-निर्देश पर नकलविहीन परीक्षा कराने के लिए सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। 140 कक्ष निरीक्षकों को सकुशलपूर्वक परीक्षा कराने की जिम्मेदारी दी गई है।
मजिस्ट्रेट की निगरानी में शुक्रवार को हीरालाल रामनिवास स्नातकोत्तर महाविद्यालय खलीलाबाद ब्लाक ए में 500 व ब्लाक बी में 500, हीरालाल रामनिवास इंटर कालेज खलीलाबाद के ब्लाक ए में 500 व बी में 500, मौलाना आजाद इंटर कालेज में 400, राजकीय कन्या इंटर कालेज खलीलाबाद में 300, नेहरू इंटर कालेज सरैया बाईपास खलीलाबाद में 300 तथा संतकबीर आचार्य रामविलास इंटर कालेज मगहर में 300 अभ्यर्थी परीक्षा देंगे। कोविड गाइडलाइन का पालन कराते हुए परीक्षा कराई जाएगी। सभी के लिए मास्क, शारीरिक दूरी व सैनिटाइजर अनिवार्य किया गया है। केंद्रों पर बैठने के दौरान दो गज कर दूरी बनाए रखने के लिए विशेष व्यवस्था रहेगी। उप जिला मजिस्ट्रेट खलीलाबाद राजनारायण त्रिपाठी, उप जिला मजिस्ट्रेट मेंहदावल अजय कुमार त्रिपाठी, तहसीलदार मजिस्ट्रेट खलीलाबाद शशांक शेखर राय, उप जिला मजिस्ट्रेट धनघटा योगेश्वर सिंह को मजिस्ट्रेट व केंद्र प्रतिनिधि अधिकारी नामित किया गया है। खलीलाबाद के नायब तहसीलदार विजय कुमार गुप्ता, तहसीलदार मेंहदावल प्रियंका चौधरी, नायब तहसीलदार धनघटा रामसुख शर्मा, तहसीलदार धनघटा रत्नेश त्रिपाठी को स्टैटिक मजिस्ट्रेट नियुक्ति किया गया है। जिला विद्यालय निरीक्षक के नेतृत्व में पांच सदस्यीय सचल दल केंद्रों का निरीक्षण करेगा। इसमें राजकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय के दो प्रधानाचार्य व दो सहायक अध्यापक शामिल हैं। विश्वविद्यालय के चार नोडल अधिकारी नामित किए गए हैं। नकलविहीन परीक्षा कराने के लिए मजिस्ट्रेट की ड्यूटी लगा दी गई है। सुव्यवस्थित ढंग से परीक्षा संपन्न कराने के लिए सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। कोविड गाइडलाइन का कड़ाई से पालन कराया जाएगा।
