बांदा जेल में मुख्तार की निगरानी बढ़ाई, लगाए 23 अतिरिक्त बंदीरक्षक -Ripe News-

Vishal Dubey
0
मंडल कारागार में निरुद्ध गैंगस्टर एवं माफिया मुख्तार अंसारी की निगरानी और कड़ी करने का इंतजाम शासन ने कर दिया है। 3600 बंदीरक्षकों की भर्ती के बाद प्रदेश भर की जेलों में जहां खाली पद भरे गए हैं, वहीं बांदा मंडल कारागार में स्वीकृत पदों से भी अधिक बंदीरक्षक आवंटित किए गए हैं। यहां 23 अतिरिक्त बंदीरक्षक मिले हैं। जेल अधिकारियों के मुताबिक अब मुख्तार की निगरानी में बंदीरक्षकों की संख्या और बढ़ाई जाएगी।
माफिया मुख्तार अंसारी को लेकर मंडल कारागार की सुरक्षा और बढ़ा दी गई है। कारागार के लिए 52 नए बंदीरक्षकों का आवंटन किया गया है।

मुख्तार को छह अप्रैल को पंजाब की रूपनगर जेल से मंडल कारागार स्थानांतरित किया गया था। उसे यहां लाने के साथ ही कारागार की सुरक्षा व्यवस्था मजबूत की गई थी। जेल में लगाए गए 48 कैमरों में से 13 कैमरे मुख्तार की बैरक की गतिविधियों को कैद कर रहे हैं। यहां 50 फीसद से ज्यादा बंदीरक्षकों के पद रिक्त थे। 53 पदों के मुकाबले 24 की उपलब्धता थी। इसमें 12 बंदीरक्षक अकेले मुख्तार की ही निगरानी में लगाए गए हैं। अब कारागार निदेशालय ने वर्ष 2018-19 में नए भर्ती हुए बंदीरक्षकों की तैनाती का आवंटन किया है। मंडल कारागार को एक साथ 45 पुरुष और सात महिला, कुल 52 बंदीरक्षक दिए गए हैं। अब कारागार में पद खाली होने की कमी नहीं खलेगी। बंदीरक्षकों पर भी ड्यूटी का अतिरिक्त भार नहीं रहेगा। वे पूरी मुस्तैदी से ड्यूटी कर सकेंगे। माफिया मुख्तार की सुरक्षा को लेकर और सतर्कता रहेगी।

Post a Comment

0 Comments
Post a Comment (0)
To Top