Varanasi: आभूषण व अन्य सामान चोरी करने के आरोपी को कोर्ट से बड़ी राहत...

Vishal Dubey
0


वाराणसी से इस वक्त की बड़ी खबर सामने आ रही है, जहां रेल यात्रा के दौरान महिला यात्री का बैग चोरी होने के मामले में गिरफ्तार अभियुक्त दिनेश कान्त दूबे को न्यायालय से जमानत मिल गई है।

पूरा मामला जीआरपी कैंट वाराणसी थाने में दर्ज मुकदमा संख्या 335/2026 से जुड़ा हुआ है। अभियुक्त के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 305(सी) और 317(2) के तहत मुकदमा दर्ज किया गया था।

अभियोजन के मुताबिक, बीते 21 अक्टूबर 2026 को रेल यात्रा के दौरान एक महिला यात्री का बैग चोरी हुआ था। बैग में आभूषण और अन्य सामान मौजूद था। मामले में शुरुआत में अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया, लेकिन विवेचना के दौरान दिनेश कान्त दूबे का नाम सामने आया। पुलिस ने अभियुक्त के पास से कुछ सामान बरामद करने का भी दावा किया था।

वहीं, बचाव पक्ष के अधिवक्ता सौम्य चौबे, रवि मिश्रा, अजय उपाध्याय द्वारा जमानत प्रार्थना पत्र पर सुनवाई के दौरान न्यायालय ने कई महत्वपूर्ण तथ्यों पर गौर किया। अदालत के समक्ष प्रस्तुत बरामदगी की फर्द में किसी स्वतंत्र गवाह की मौजूदगी का उल्लेख नहीं था। इसके अलावा पुलिस की रिपोर्ट में अभियुक्त के खिलाफ कोई अन्य आपराधिक मुकदमा दर्ज नहीं पाया गया।

इन सभी तथ्यों और परिस्थितियों को देखते हुए अपर मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट (उत्तर रेलवे), वाराणसी ने अभियुक्त दिनेश कान्त दूबे को 50 हजार रुपये के व्यक्तिगत बंधपत्र और समान धनराशि के एक जमानतदार पर रिहा करने का आदेश दिया है।

हालांकि, अदालत ने जमानत के साथ कुछ शर्तें भी लगाई हैं। अभियुक्त को प्रत्येक सुनवाई पर न्यायालय में उपस्थित रहना होगा, गवाहों को प्रभावित नहीं करना होगा, साक्ष्यों से छेड़छाड़ नहीं करनी होगी और विवेचना में पूरा सहयोग करना होगा।

फिलहाल, रेल यात्रा के दौरान बैग चोरी के इस मामले में आरोपी को अदालत से जमानत के रूप में बड़ी राहत मिली है।

Post a Comment

0 Comments
Post a Comment (0)
To Top