UP News: उत्तर प्रदेश के लखीमपुर खीरी से हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है. यहां थाना सदर कोतवाली में कचहरी परिसर में ही वकील को गोली मारी गई है. गोली वकील के सीने पर मारी गई है. बताया जा रहा है कि गोली मारने वाला वकील का रिश्तेदार है.
गोली लगते ही वहां हड़कंप मच गया. घायल वकील ने अपने रुमाल से ही खून को रोके रखा. उसने गोली के जख्म पर रुमाल रख दिया. मौके पर पहुंची पुलिसकर्मी उसे बाइक पर लेकर अस्पताल लेकर गए.
क्यों मारी गोली?
बताया जा रहा है कि पेशे से अधिवक्ता जसकरन राज का अपने भतीजे अधिवक्ता जितेंद्र राज से विवाद चल रहा था. दोनों के बीच खेत में पानी को लेकर लड़ाई थी. माना जा रहा है कि इसी बात को लेकर आज कचहरी परिसर में चाचा जसकरन राज और भतीजे जितेंद्र के बीच मारपीट हो गई.
इस दौरान जसकरन राज का बेटा अधिवक्ता विराट राज मौके पर आ गया. उसने मौका देखते ही अपने चचेरे भाई अधिवक्ता जितेंद्र राज को गोरी मार दी. इसके बाद वहां से भाग निकला.
मौके पर पहुंची डीएम
कचहरी परिसर में अधिवक्ता जितेंद्र राज को गोली मारे जाने की खबर फैलती ही हड़कंप मच गया. मौके पर लखीमपुर खीरी जिले की एसपी ख्याति गर्ग और जिलाधिकारी दुर्गा शक्ति नागपाल भी मौके पर पहुंच गई. फिलहाल घायल वकील को अस्पताल में भर्ती करवाया गया है और पुलिस मामले की जांच में जुट गई है.