वाराणसी। मंडुवाडीह थाना के लहरतारा में सिक्योरिटी गार्ड की नौकरी करने वाले पिता की बंदूक से ही 12 वर्षीय बेटे को गोली लग गई। घटना के बाद परिवार में कोहराम मच गया। परिजन आननफानन में उसे लेकर ट्रामा सेंटर पहुंचे। घायल बेटे का इलाज चल रहा है। वहीं पुलिस घटना की छानबीन कर रही है।
लड़के के पिता लहरतारा स्थित किसी बैंक में सिक्योरिटी गार्ड की नौकरी करते हैं। उनके पास लाइसेंसी बंदूक है। वह ड्यूटी खत्म होने के बाद बंदूक लेकर घर आए थे। बंदूक घर में रखी थी। 12 वर्षीय बेटा प्रथम राय बंदूक से खेलने लगा। इसी दौरान किसी तरह से फायर हो गया और गोली लड़के को लग गई। गोली चलने की आवाज सुनकर घरवाले भागकर मौके पर पहुंचे। देखा तो बेटा खून से लथपथ पड़ा था।
घटना के बाद परिजनों में कोहराम मच गया। आननफानन में उसे लेकर बीएचयू ट्रामा सेंटर पहुंचे। घायल बालक को ट्रामा सेंटर में भर्ती कराया गया है। उसका इलाज चल रहा है। पुलिस घटना की छानबीन में जुटी रही।