जैतपुरा थानाक्षेत्र के बागेश्वरीदेवी मंदिर इलाके में शनिवार को एक युवती का शव सीवर चैंबर में मिला। कालोनी के एक घर में काम करने वाली युवती को घर पर आने के बाद उसकी हत्या कर दी। युवती का मुंह और हाथ कपड़े से बांधा गया था ताकि वो न चिल्ला पाए और न ही सीवर की टंकी से बाहर निकल पाए। रोजाना अपनी मां के साथ झाड़ू-पोछा और बर्तन मांजने जाने वाली युवती आज अकेली ही गई थी।
जैतपुरा थानाक्षेत्र के गोपाल बाग कालोनी में ज्ञानचंद सोनकर का मकान है जिसमें वो पावरलूम चलाते हैं। यहां चुनार की रहने वाली सुनीता और उसकी बेटी सोनम (20) झाड़ू-पोछा और बर्तन करती है। सुनीता शनिवार को थोड़ा देर से निकली तो बेटी सोनम को पहले भेज दिया। ज्ञानचंद के घर पहुंची तो बेटी नहीं दिखी। परिजनों से पूछा तो पहले सभी ने उसके आने से इनकार किया बाद में बताया कि उसकी मौत हो गई। सोनम की मां ने बताया कि ने बताया कि हम और वो दोनों एक साथ ज्ञानचंद के घर काम करने जाते थे। आज मुझे थोड़ा सा लेट हुआ तो सोनम पहले चली गयी लेकिन जब मै पहुंची तो ज्ञानचंद की पत्नी ने कहा तुम्हारी बेटी की मौत हो गई।
पुलिस ने बरामद किया युवती का शव
पुलिस के अनुसार ज्ञानचंद सोनकर अपने मकान में पावरलूम चलाते हैं। जहां सुनीता और उसकी बेटी सोनम काम करते हैं। शनिवार की सुबह उसी मकान में साड़ी कटिंग करने वाले मिर्जापुर निवासी श्रमिक से युवती की नोंकझोंक हुई थी। इसके बाद दोनों में मारपीट हुई और युवक ने लड़की का दुपट्टे से गला कसकर सीवर चैंबर में फेंक दिया। वारदात को अंजाम देकर फिर काम में जुट गया। पुलिस ने उसे हिरासत में लेकर शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा है।
पुलिस ने श्रमिक को हिरासत में लिया
डीसीपी काशी जोन आरएस गौतम, एसीपी चेतगंज श्रुति श्रीवास्तव और इंस्पेक्टर जैतपुरा मथुरा राय घटनास्थल पर पहुंचे। सोनम का शव पुलिस को सीवर की टंकी में मिला। पुलिस ने शव को बाहर निकाला तो मृतक सोनम का मुंह और हाथ कपड़े से बांधा गया था। ज्ञानचंद सोनकर से पूछताछ की और फिर वहां काम करने वाले युवक को हिरासत में ले लिया है। डीसीपी काशी रामसेवक गौतम ने बताया कि युवती का शव बरामद किया है। वहां काम करने वाले एक मजदूर को हिरासत में लिया है उससे पूछताछ की जा रही है।
