यूपी में बिजली दर बढ़ाने के प्रस्ताव पर 10 अप्रैल से जन सुनवाई करेगा नियामक आयोग।

Vishal Dubey
0

बिजली दर बढ़ाने संबंधी बिजली कंपनियों के प्रस्ताव पर उत्तर प्रदेश विद्युत नियामक आयोग 10 अप्रैल से जन सुनवाई करेगा। वाराणसी में पहली सुनवाई करने के बाद आयोग 21 को लखनऊ, 27 को आगरा और 28 अप्रैल को अंतिम सुनवाई ग्रेटर नोएडा में करेगा। बिजली कंपनियों ने मौजूदा बिजली की दर में 18 से 23 प्रतिशत तक बढ़ोतरी प्रस्तावित की है।
बिजली कंपनियों के वित्तीय वर्ष 2023-24 के लिए दाखिल वार्षिक राजस्व आवश्यकता (एआरआर) और बिजली दर प्रस्ताव को 28 फरवरी को स्वीकार करने के बाद आयोग ने अब उस पर जन सुनवाई करने की तिथियां घोषित कर दी हैं। आयोग, पूर्वांचल विद्युत वितरण निगम की 10 अप्रैल को वाराणसी के मंडलायुक्त सभाकक्ष में सुनवाई करेगा। इसी तरह मध्यांचल और पावर ट्रांसमिशन कारपोरेशन की 21 अप्रैल को यहां गोमती नगर स्थित नियामक आयोग के सभागार में सुनवाई रखी गई है।
तीसरी सुनवाई दक्षिणांचल और केस्को की 27 अप्रैल को आगरा के राव कृष्ण पाल सिंह सभागार में जबकि आखिरी सुनवाई पश्चिमांचल व नोएडा पावर कंपनी की ग्रेटर नोएडा में गौतम बुध यूनिवर्सिटी सभागार में 28 अप्रैल को रखी गई है। उत्तर प्रदेश राज्य विद्युत उपभोक्ता परिषद के अध्यक्ष अवधेश वर्मा का कहना है कि बिजली दर बढ़ाने को लेकर होने वाली सभी जन सुनवाई में हम रहेंगे।

Post a Comment

0 Comments
Post a Comment (0)
To Top