कोरोना से जुड़े आज के 3 बड़े अपडेट्स...
- चीन में शवों को कंटेनर में कलेक्ट किया जा रहा है। बीजिंग के सबसे बड़े श्मशान में 24 घंटे अंतिम संस्कार हो रहे हैं। लोग गाड़ियों में शवों को लेकर श्मशानों के बाहर लंबी कतारों में खड़े हैं।
- चीन में दवाईयों की कमी भी देखी जा रही है। ऑबजर्वर रिसर्च फाउंडेशन (ORF) के मुताबिक, यहां लोग ऑनलाइन ही एंटी कोविड ड्रग सर्च कर रहे हैं। यहां भारत में बनी जेनरिक एंटी वायरल दवा की डिमांड बहुत है।
- चीन में फैल रहा BF.7 वैरिएंट भारत समेत दुनिया के 91 देशों में फैल गया है। स्क्रिप्स रिसर्च इंस्टीट्यूट की रिपोर्ट के अनुसार, यह वैरिएंट पिछले दो सालों से है। हालांकि यह खतरनाक अब हुआ है।
जापान: 24 घंटों मेें 1.7 लाख नए कोरोना मरीज मिले
चीन के बाद जापान में सबसे ज्यादा कोरोना मामले रिपोर्ट किए जा रहे हैं। कोरोना worldometers के आंकड़ों के मुताबिक, पिछले 24 घंटों मेें 1 लाख 73 हजार नए केस आए हैं। वहीं 315 लोगों की मौत हुई है।
जापान टाइम्स की रिपोर्ट के मुताबिक, यहां 8वीं लहर आ चुकी है। ओमिक्रॉन वैरिएंट के कारण बच्चों की मौत हो रही है। 8 महीने में 41 बच्चों की जान जा चुकी है। चीन में बिगड़ते हालात ने जापान की चिंता को बढ़ा दिया है।
फ्रांस और साउथ कोरिया: 1.1 लाख नए केस, 221 मौतें
साउथ कोरिया और फ्रांस में पिछले 24 घंटों मेें कुल 1 लाख 11 हजार से ज्यादा नए केस मिले हैं। साउथ कोरिया में नए केसेस की संख्या 68 हजार 168 और फ्रांस में आंकड़ा 43 हजार 766 है। फ्रांस में 158 और साउथ कोरिया में 63 लोगों की जान गई है।
BF.7: ओमिक्रॉन का सबसे शक्तिशाली वैरिएंट
चीन में ओमिक्रॉन का नया वैरिएंट BF.7 फैल रहा है। हेल्थ एक्सपर्ट्स का कहना है कि ये ओमिक्रॉन का सबसे शक्तिशाली वैरिएंट है। BF.7 वैरिएंट कोरोना वायरस के स्पाइक प्रोटीन में एक खास म्यूटेशन से बना है, जिसका नाम है R346T। एक्सपर्ट्स के मुताबिक इसी म्यूटेशन की वजह से इस वैरिएंट पर एंटीबॉडी का असर नहीं होता।
आसान शब्दों में कहें तो अगर किसी शख्स को पहले कोरोना हो चुका है या उसने वैक्सीन लगवाई है, तो उसके शरीर में एंटीबॉडी बन जाती है। BF.7 वैरिएंट इस एंटीबॉडी को भी चकमा देकर शरीर में घुसने में सक्षम है।
