- ''जाको राखे साईयां मार सके ना कोय" यह कहावत रानपुरी मऊ निवासी श्याम कुमार के पांच वर्षीय बेटे प्रांजल पर सटीक बैठ रही है। प्रांजल छत पर खेलते समय गिरा तो बगल के घर में बीम के लिए छोड़ी गई सरिया में धंस गया। करीब सात फीट सरिया पेट के आरपार हो गई। बेहोश होने के कारण वह सरिया में फंस कर वह काफी देर तक झूलता रहा। एक पड़ोसी महिला ने देखा तो शोर मचाया।
बच्चे की स्थित को देखकर हर किसी का कलेजा मुंह को आ गया। परिजनों ने ग्रामीणों की मदद से तत्काल गैस कटर मशीन मंगाई। इसके बाद छह फीट सरिया के साथ काटकर बच्चे को नीचे उतारा गया। इसके बाद दोनों से तरफ से सरिया काटकर तीन फीट छोड़ा गया। बच्चे को जब बीएचयू के ट्रामा सेंटर में लाया गया तो तत्काल आपरेशन किया गया, चिकित्सकों की कड़ी मशक्कत के बाद प्रांजल ने मौत को मात दी है। सारी दवाएं, उपकरण सेंटर की ओर से मुफ्त में मुहैया कराई गई।
