श्रीकाशी विश्वनाथ मंदिर में कार्यरत कंप्यूटर सहायक शिवभूषण द्विवेदी पर कमिश्नरेट पुलिस ने शिकंजा कसना शुरू कर दिया है। उसकी गिरफ्तारी के लिए चौक पुलिस ने बनारस, मीरजापुर और मऊ में कई स्थानों पर दबिश दी, लेकिन वह नहीं मिला। ऐसे में कोर्ट ने उसके खिलाफ वारंट जारी कर दिया है। उसकी गिरफ्तारी के लिए जल्द ही चौक पुलिस दिल्ली जाएगी। उधर, उसके सगे-संबंधियों के यहां पुलिस लगातार दबिश दे रही है। कंप्यूटर सहायक शिवभूषण द्विवेदी के खिलाफ चौक थाने में 1.49 लाख रुपये गबन के आरोप में मुकदमा दर्ज कराया गया है।
मंदिर में श्रद्धालु दान या चढ़ावे के रूप में डाक से चेक या नकद धनराशि भेजते हैं। गोपनीय दान भी किया जाता है। इसका ब्योरा रखने की जिम्मेदारी कंप्यूटर सहायक शिवभूषण के पास थी। वर्ष 2021 में मंदिर के कंप्यूटर सहायक के पद पर दूसरे की नियुक्ति हुई तो चार्ज देने में आरोपित हीलाहवाली करने लगा। इस पर मंदिर प्रशासन को संदेह हुआ और गोपनीय जांच कराई गई। इसमें सामने आया कि एक लाख 49 हजार 506 रुपये का दस्तावेजीकरण किया ही नहीं गया है। इसके साथ ही मंदिर के अपर मुख्य कार्यपालक अधिकारी निखिलेश मिश्रा की तहरीर पर चौक पुलिस ने आरोपित शिव भूषण द्विवेदी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया।
