गंगा का जलस्तर लगातार बढ़ने के बाद अब पानी का वेग भी थमने लगा है। पानी कम होने की उम्मीद के बीच गंगा का जलस्तर नए इलाकों में बाढ़ की दुश्वारी छोड़ता जा रहा है। माना जा रहा है कि आने वाले कुछ घंटों में पानी और बढ़ा तो नए इलाके बाढ़ की जद में आ जाएंगे। पानी का बढ़ाव होने के साथ राहत और बचाव कार्य भी जारी है तो दूसरी ओर विश्वनाथ कारिडोर के निचले इलाकों में पानी भरने के बाद वहां लोगों का प्रवेश प्रतिबंधित कर दिया गया है। गंगा का बढ़ाव जारी रहने से शवदाह भी अब प्रभावित हो चुका है। गलियों में चिताएं जल रही हैं तो आस्था वश आने वाले लोग घाटों से दूर गलियों में ही गंगा को प्रणाम कर लौट जा रहे हैं।
