Varanasi News : अजय राय को मुकदमे की सुनवाई तक सुरक्षा मिले,अवधेश राय हत्याकांड के अहम गवाह पूर्व मंत्री की जान को कांग्रेसियों ने मुख्तार अंसारी से बताया खतरा ।

Vishal Dubey
0

वाराणसी के 31 साल पुराने अवधेश राय हत्याकांड के अहम गवाह पूर्व मंत्री और कांग्रेस नेता अजय राय को मुकदमे की सुनवाई पूरी होने तक पुलिस सुरक्षा दी जाए। यह मांग शनिवार को कांग्रेस नेताओं ने अपर पुलिस आयुक्त (क्राइम/हेडक्वार्टर) संतोष कुमार सिंह को पत्रक देकर की है।

कांग्रेस विधि प्रकोष्ठ के प्रदेश उपाध्यक्ष अशोक सिंह ने कहा कि मुख्तार अंसारी उत्तर प्रदेश का एक खतरनाक अपराधी है। उसका भय आमजन में इतना है कि गवाह उसके खिलाफ गवाही देने से मुकर जाते हैं।

यहां तक कि कृष्णानंद राय हत्याकांड जो उत्तर प्रदेश की एक चर्चित घटना थी, उसके सभी गवाह या पैरवीकार या तो मर गए या मार दिए गए। नतीजतन, मुख्तार अंसारी बरी हो गया।

इलाहाबाद हाईकोर्ट ने की है गंभीर टिप्पणी

कांग्रेस नेताओं ने कहा कि इलाहाबाद हाईकोर्ट ने कल ही टिप्पणी करते हुए कहा है कि "लोगों के दिल और दिमाग में मुख्तार अंसारी का भय है।" ऐसे अपराधी के खिलाफ अवधेश राय हत्याकांड में उनके भाई अजय राय के साथ-साथ एकमात्र पैरवीकार हैं। मुख्तार अंसारी को यह पता है कि अजय राय को रास्ते से हटा देने पर मुकदमे में कोई पैरवी करने वाला नहीं बचेगा।

मुकदमे की सुनवाई के दिन ही न मिले सुरक्षा

अशोक सिंह ने कहा कि पूर्व मंत्री अजय राय को पुलिस सुरक्षा केवल मुकदमे की सुनवाई के दिन ही दी जाती है। यह उचित नहीं है। उन्हें अवधेश राय हत्याकांड की सुनवाई पूरी होने तक सुरक्षा दी जाए। अन्यथा की स्थिति में मुख्तार अंसारी किसी भी समय अजय राय के साथ कोई भी घटना घटित करा सकता है। कांग्रेस प्रतिनिधिमंडल में अशोक सिंह, राजेश गुप्ता, आशोक कुमार, कल्पनाथ शर्मा, संजय कुमार, परमहंस शास्त्री, अरशद आदि शामिल थे।



Post a Comment

0 Comments
Post a Comment (0)
To Top