राजाजीपुरम इलाके में मंगलवार को नगर निगम कर्मचारी को दौड़ा कर मारा गया। जानकारी के मुताबिक, कर्मचारी दुकानदार के बैन पॉलीथिन इस्तेमाल करने की फोटो खींच रहा था। दुकानदार के मना करने के बावजूद भी कर्मचारी ने फोटो-वीडियो बनाया। इतने में ही दुकानदार ने कर्मचारी का फ़ोन भी तोड़ दिया और उसकी पिटाई भी कर दी।
उसको रोका गया तो उसने जोनल सैनिटरी ऑफिसर पर हमला कर दिया। इसके बाद घायल कर्मचारी को पास के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया। इस दौरान उसका मोबाइल भी टूट गया। इस पूरे मामले में नगर आयुक्त इंद्रजीत सिंह ने खुद तालकटोरा थाने में पहुंच आरोपियों के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई है। इस दौरान नगर निगम जोन दो के कर्मचारियों ने थाने के बाहर हंगामा भी किया।
इलाके में नाला सफाई देखने गए थे आशीष
जोनल सैनिटरी अफसर आशीष श्रीवास्तव मंगलवार की रात 7 बजे सपना कॉलोनी के पास नाला सफाई का कार्य देखने पहुंचे थे। उन्होंने देखा कि मौके के पास एक दुकान पर प्रतिबंधित पालिथीन का इस्तेमाल किया जा रहा है। आशीष ने प्रतिबंधित पॉलीथिन की फोटो और विडियो बनाना शुरू कर दिया।
दाहिने हाथ की छोटी उंगली टूटी
आशीष को देख दुकानदार ने उनके ऊपर हमला कर दिया। वह कुछ दूर खुद को बचाने के लिए भागे भी लेकिन उनको इस दौरान चोट भी आई। आशीष के दाहिने हाथ की छोटी उंगली टूट गई। नगर स्वास्थ्य अधिकारी डॉ सुनील कुमार रावत घायल जोनल सैनिटरी अफसर को रानी लक्ष्मी बाई अस्पताल में इलाज कराने पहुंचे। जहां डॉक्टरों ने उंगली का ऐक्सरे कराने के लिए लिख दिया।
