पार्टी की नीतियां जन-जन तक पहुंचाएंगे
समाजवादी पार्टी के वाराणसी के महानगर अध्यक्ष विष्णु शर्मा ने बताया कि हम जमीनी स्तर पर केंद्र और प्रदेश की सरकार को घेरने का काम शुरू करने जा रहे हैं। इस दौरान हम अपने नेताओं और पार्टी की नीतियों और विचारों को जन-जन तक पहुंचाएंगे। इसके लिए गाजीपुर स्थित सपा कार्यालय से आगामी 9 अगस्त को पदयात्रा की शुरुआत की जाएगी।
पदयात्रा की अगुवाई गाजीपुर के अभिषेक यादव करेंगे। पदयात्रा 27 अगस्त को गाजीपुर से बलिया पहुंचेगी। इसके बाद 8 सितंबर को मऊ, 15 सितंबर को आजमगढ़, 3 अक्टूबर को जौनपुर और 14 अक्टूबर को भदोही पहुंचेगी। 19 अक्टूबर को पदयात्रा वाराणसी पहुंचेगी। 27 अक्टूबर को पदयात्रा के प्रथम चरण का समापन होगा।
सभी विधानसभाओं में जाएगी पदयात्रा
विष्णु शर्मा ने कहा कि पदयात्रा पूर्वांचल के जिलों के समाजवादी पार्टी के कार्यालयों, सभी विधानसभा, तहसीलों और ब्लाकों में जाएगी। पदयात्रा में समाजवादी पार्टी सदस्यता अभियान चलाने के साथ ही तिरंगा झंडा अभियान, नुक्कड़ सभा, जुलूस, गोष्ठी, वृक्षारोपण और पर्यावरण के प्रति जागरूकता के बारे में लोगों को बताया जाएगा। पदयात्रा में संबंधित जनपद के विधायक, पूर्व विधायक और संगठन के सभी साथी शामिल रहेंगे।
