Yogi कैबिनेट के सम्राट पृथ्वीराज फिल्म देखने पर अखिलेश यादव का तंज, बोले- मुफ्त के बजाय टिकट लेकर देखते

Vishal Dubey
0


उत्तर प्रदेश में सम्राट पृथ्वीराज फिल्म को लेकर राजनीति शुरू हो गई है। सीएम योगी आदित्यनाथ ने गुरुवार को अपने मंत्रियों और विधायकों के साथ फिल्म की विशेष स्क्रीनिंग देखी तो समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष व नेता प्रतिपक्ष अखिलेश यादव को यह रास नहीं आया। उन्होंने सरकार पर तंज करते हुए दो ट्वीट किए। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार फिल्म मुफ्त के बजाय टिकट लेकर देखती तो इससे राज्य के राजस्व का नुकसान नहीं होता। अखिलेश के कमेंट पर उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने पलटवार भी किया।

समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव ने नसीहत देते हुए अपने पहले ट्वीट में कहा कि 'ऐतिहासिक फिल्म देखने के बाद कैबिनेट से आग्रह है कि उत्तर प्रदेश की वर्तमान हालत भी देखें। इतिहास के आटे से वर्तमान की रोटी नहीं बन सकती।' अखिलेश यादव ने यह ट्वीट उस समय किया जब योगी कैबिनेट के लिए लोकभवन में फिल्म की स्पेशल स्क्रीनिंग चल रही थी।

इसके कुछ देर बाद अखिलेश यादव ने एक तस्वीर भी पोस्ट की जिसमें सीएम योगी आदित्यनाथ फिल्म के कलाकारों और अपने मंत्रियों के साथ स्पेशल स्क्रीनिंग देख रहे हैं। अखिलेश ने तस्वीर के साथ ट्वीट किया कि 'लोकभवन में सपा सरकार के बनाए ‘आधुनिक’ आडिटोरियम में भाजपा सरकार की कैबिनेट ‘ऐतिहासिक’ फिल्म देख रही है। वैसे फिल्म पीछे बैठकर देखी जाए तो और भी अच्छी दिखती है और मुफ्त के बजाय टिकट लेकर भी क्योंकि इससे राज्य के राजस्व का नुकसान नहीं होता।'

Post a Comment

0 Comments
Post a Comment (0)
To Top