इंटरनेट मीडिया के माध्यम से चर्चा में रहने वाले गोपामऊ विधायक श्याम प्रकाश ने विधायक निधि बढ़ाकर पांच करोड़ किए जाने पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को बधाई देते हुए लिखा है कि विधायकों के पैरों में कुछ सत्ता और शक्ति के घुंघरू बांध दो, फिर उनकी भी चाल देख लो।
विधायक श्याम प्रकाश ने अपने फेसबुक एकाउंट पर बुधवार को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की फोटो लगाते हुए कमेंट बाक्स में लिखा है कि क्षेत्र के विकास के हेतु विधायक निधि पांच करोड़ करने के लिए हार्दिक बधाई और आभार। विधायक निधि पांच करोड़ किए जाने की बधाई के साथ ही उन्होंने भ्रष्टाचार पर भी प्रहार किया है।
लिखा है कि मुख्यमंत्री से एक और अनुरोध है कि भाजपा कार्यकर्ताओं का अपमान और महाभ्रष्टाचार करने वाले अधिकारियों पर कुछ अंकुश लगाने के लिए अपने विधायकों के पैरों में कुछ सत्ता और शक्ति के घुंघरू बांध दो, फिर उनकी भी चाल देख लो।
विधायक श्याम प्रकाश ने अभी दो दिन पहले अमृत सरोवर को लेकर फेसबुक पर कमेंट किया था। उसमें उन्होंने अमृत सरोवर को लेकर सरकारी सिस्टम पर सवाल उठाए थे। उन्होंने सरकार की महत्वाकांक्षी अमृत सरोवर योजना के फ्लॉप होने के आसार बताए हैं।
फेसबुक पोस्ट पर उठाए गए सवाल में उन्होंने फ्लाप होने का कारण सिस्टम का गलत होना लिखा है, साथ ही जिम्मेदारों के संज्ञान लेने की बात भी लिखी है। विधायक श्याम प्रकाश पिछले कार्यकाल में इंटरनेट मीडिया पर कई टिप्पणियों को लेकर सुर्खियों में रखे थे। अब फिर से इंटरनेट मीडिया पर आए दिन कुछ न कुछ लिखकर चर्चा में बने रहते हैं।
