UP : प्रियंका गांधी वाड्रा ने की यूपी चुनाव में हार से बेदम कांग्रेस में जान फूंकने की कोशिश, गिनाए कारण l

Vishal Dubey
0

उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव में पटकनी खाने से बेदम हुई कांग्रेस पार्टी में कांग्रेस महासचिव और यूपी प्रभारी प्रियंका गांधी वाड्रा ने बुधवार को जान फूंकने की कोशिश की। उन्होंने पार्टी कार्यकर्ताओं और नेताओं को मायूसी से उबरने और जीत हासिल करने के लिए सौ गुणा ऊर्जा के साथ काम करने के लिए प्रेरित किया।

प्रियंका गांधी वाड्रा ने प्रदेश कांग्रेस मुख्यालय में आयोजित दो दिवसीय नव संकल्प कार्यशाला के मंच से यह भी स्वीकार किया कि जनता से जुड़ाव न हो पाने और आम जन तक अपनी बात न पहुंचा पाने के कारण ही पार्टी को करारी हार का सामना करना पड़ा। यह भी बताया कि पार्टी कार्यकर्ताओं से मिलकर वह हार के कारणों को तो जानने का प्रयास करेंगी ही, खुद अपना भी मूल्यांकन करेंगी कि कमी कहां रह गई।

विधानसभा चुनाव के बाद पहली बार लखनऊ आईं प्रियंका गांधी वाड्रा तकरीबन 45 मिनट प्रदेश कांग्रेस कमेटी कार्यालय में रहीं। अपने 15 मिनट के संबोधन में उन्होंने कहा कि जो भी हमने किया, वो काफी नहीं था। हम संगठन और अपने कार्यक्रमों में बदलाव तो लाए लेकिन जनता से नहीं जुड़ पाए। जनता से हमारा संवाद नहीं रहा, यहीं हम चूके। पहले कांग्रेस नेता सिर्फ राजनीतिक नहीं, सामाजिक मुद्दों को लेकर और तीज-त्योहारों में भी जनता के बीच जाते थे लेकिन आज हम ऐसा नहीं करते।

प्रियंका गांधी वाड्रा ने कहा कि हमारे कार्यक्रमों में सिर्फ पार्टी के लोग जुटते हैं, जनता नहीं। उन्होंने महंगाई, बेरोजगारी जैसे मुद्दों का जिक्र करते हुए कहा कि जनता से सीधे जुड़े इन मुद्दों को लेकर हमें लोगों के बीच जाना होगा। अपनी गलतियों को सुधारना होगा। गांव-गांव, घर-घर जाकर पार्टी को खड़ा करना होगा क्योंकि अब कोई और रास्ता नहीं है। तभी हम भाजपा का विकल्प बन सकेंगे।

उन्होंने उदयपुर के चिंतन शिविर में कांग्रेस की ओर से लिए गए फैसलों को भी समझने पर जोर दिया। नव संकल्प कार्यशाला के पहले दिन पार्टी के डिजिटल सदस्यता अभियान, नगर निकाय चुनाव और सोशल मीडिया के महत्व पर विशेष सत्र हुए जिसमें उदयपुर शिविर में पारित अलग-अलग प्रस्ताव पेश किये गए।

Post a Comment

0 Comments
Post a Comment (0)
To Top