प्रयागराज : कर्नलगंज और सिविल लाइंस थाने की संयुक्त कार्रवाई में शहर से बाइक चुराने वाले छह चोर रविवार को पकड़े गए। टाइगर गैंग के नाम से कुख्यात छह चोरों की निशानदेही पर पुलिस ने 20 लाख कीमत की 24 बाइक बरामद की है। एसएसपी ने दोनों थानों की पुलिस को 25-25 हजार रुपये का इनाम दिया है। एसएसपी ने खुलासा किया कि पकड़े गए गैंग में कुछ ऐसे लड़के हैं, जिनकी अभी शादी नहीं हुई है। अपनी प्रेमिका का शौक पूरा करना और महंगे मोबाइल और लग्जरी लाइफ स्टाइल के शौक में वे चोरी में शामिल हो गए।
पुलिस ने रविवार को बाइक चोरी के आरोप में मांडा निवासी विवेक पाल, मेजा के इंद्रबहादुर पाल, विजय कुमार बिंद, कोरांव के अर्जुन सिंह, नैनी के मनीष और मांडा के धर्मेंद्र कुमार को गिरफ्तार करके जेल भेज दिया। पुलिस ने बताया कि विवेक पाल गैंग का सरगना है। उसने बीएससी की है। कोरोना काल में बेरोजगारी बढ़ने पर वह बाइक चोरी करके बेचने लगा। उस वक्त वह नैनी में चोरी के आरोप में पकड़ा गया था। जेल से रिहा होने के बाद उसने बाइक चोरी करने के लिए टाइगर गैंग बना लिया। वह पिक्सेल लैब मोबाइल एप की मदद से किसी भी गाड़ी का फर्जी आरसी पेपर तैयार कर लेता था। इसके बाद आसानी से शहर से बाइक चोरी करके साथियों की मदद से यमुनापार में 20 से 35 हजार में बेच देता था। पकड़ा गया मनीष बीए का छात्र है। वह चोरी की बाइक अपनी दुकान में छिपाता था। इन सबकी निशानदेही पर चोरी की कुल 24 बाइक पुलिस ने बरामद की है।
