Up : बिजली विभाग के जेई पर जानलेवा हमला युवकों ने घर के बाहर टहल रहे जेई को किया लहुलुहान

Vishal Dubey
0
अलीगढ़ के महुआखेड़ा थाना क्षेत्र में कालोनी में घूम रहे संदिग्ध युवकों से उनका परिचय पूछना बिजली विभाग के जेई को महंगा पड़ गया। पहले तो आरोपी गाली गलौज पर उतर आए और फिर उन्होंने मारपीट शुरू कर दी। जेई ने आरोप लगाया कि आरोपियों ने उन्हें पकड़ लिया और जान से मारने के इरादे से एक युवक ने भारी चीज से उनके सिर पर हमला किया। जिससे वह लहुलुहान होकर जमीन पर गिर पड़े। हंगामे की आवाजें सुनकर आसपास के लोग जब बाहर निकले तो आरोपी वहां से भाग निकले। जिसके बाद जेई ने महुआखेड़ा थाने में आरोपियों के खिलाफ तहरीर दी है।

युवकों को पहली बार देखा तो पूछा था परिचय

गभाना के वीरपुरा बिजली घर में बतौर प्रभारी जेई कार्यरत विक्रम ठाकुर ने बताया कि वह महुआखेड़ा थाना क्षेत्र के बलवंत नगर गली नंबर 3, धनीपुर मंडी के निवासी हैं। उन्होंने बताया कि उनकी प्राइवेट कालोनी है और एक तरफ से कालोनी पूरी तरह से बंद है। कालोनी में कई मकान खाली पड़े हैं और कई बार चोरियां हो चुकी हैं। जिसके चलते कालोनी में आने जाने वाले लोगों पर इलाके के लोग नजर रखते हैं।

बुधवार रात को खाना खाने के बाद वह अपने घर के बाहर टहल रहे थे। तभी दो अज्ञात व संदिग्ध युवक उनकी कालोनी में घूमते नजर आए। उन्होंने युवकों को पहली बार देखा था, इसलिए उन्हें रोककर उनका परिचय पूछा कि वह कालोनी में किसके घर पर आए हैं। इतना पूछने पर वह युवक गाली गलौज पर उतारू हो गए। जब उन्होंने इसका विरोध किया और पुलिस को बुलाने की बात कही तो आरोपी हमलावर हो गए और उन्हे जान से मारने की कोशिश की।

पुलिस ने देर रात कराया मेडिकल

घटना को अंजाम देने के बाद आरोपी मौके से भाग निकले। जिसके बाद पीड़ित ने पुलिस को सूचना दी। घटना की जानकारी मिलने पर पहुंची पुलिस ने घायल जेई को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया और उनका मेडिकल परीक्षण कराया।

महुआखेड़ा थाना प्रभारी सुनील कुमार ने बताया कि जेई का मेडिकल करा लिया गया है। तहरीर अभी तक प्राप्त नहीं हुई है। तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।


Post a Comment

0 Comments
Post a Comment (0)
To Top