
भ्रमण कर बोर्ड परीक्षाओं का हाल जाना
यूपी में बोर्ड परीक्षा के प्रश्न पत्र लीक होने पर योगी आदित्यनाथ सरकार 2.0 ने लापरवाही के चलते ताबड़तोड़ कार्रवाई कर अपने तेवर को साफ कर दिया है की किसी भी कीमत पर लापरवाही बर्दास्त नही की जाएगी। जिसकी बानगी भदोही जनपद में भी देखने को मिली है। यहां जिलाधिकारी आर्यका अखौरी और पुलिस अधीक्षक डॉ अनिल कुमार ने संयुक्त रूप से जनपद में भ्रमण कर बोर्ड परीक्षाओं का हाल जाना है वहीं प्रश्न पत्रों और उत्तर पुस्तिकाओं के रख रखाव की बाबत वहां पहुंचकर जानकारी हासिल किया है।
प्रश्नपत्र के बंडलो को चेक किया गया
डीएम एसपी ने निरीक्षण के क्रम में सबसे पहले विभूति नारायण राजकीय इण्टर कालेज ज्ञानपुर में पहुॅचकर डबल लाक को खुलवाकर प्रश्नपत्र के बंडलो को चेक किया गया। उत्तर पुस्तिकाओं के रखने हेतु बने स्ट्रॉन्ग रूम का सुरक्षा के विभिन्न बिंदुओं के दृष्टिगत निरीक्षण किया गया। वहीं जिला परिषद बालिका इण्टर ज्ञानपुर, इंद्रावती इंटर कॉलेज गिरधरपुर, जिला पंचायत बालिका इंटर कॉलेज गोपीगंज, श्री राम गर्ल्स इंटर कॉलेज छतमी राधास्वामी धाम गोपीगंज में पहुॅचकर डबल लाक को खुलवाकर इण्टरमीडिएट व हाईस्कूल के प्रश्नपत्र के बंडलो का विधिवत निरीक्षण किया गया।
निरीक्षण के दौरान स्कूलो में प्रश्नपत्रो के बंडल को सही सलामत सील व बन्द पाये गये। जिलाधिकारी व पुलिस अधीक्षक द्वारा पुनः अपने सामने प्रश्नपत्र के बंडलो को डबल लाक के अलमारी में रखवाकर सील कराया गया। निरीक्षण के दौरान परीक्षा केन्द्र के कंट्रोल रूम में परीक्षा कक्षो में लगे CCTV कैमरा के फुटेज को भी देखा। डीएम एसपी ने संयुक्त रूप से कहा कि सभी कक्ष के सीसीटीवी कैमरा पूर्णतया संचालित रहें। परीक्षा के दौरान किसी भी स्तर पर गडबड़ी पाये जाने पर कठोरतम कार्रवाई की जायेगी और किसी भी हाल में लापरवाही बरतने वाले को छोड़ा नहीं जायेगा।