Big Breaking - अवैध तरीके से मवेशियों को काटने और मांस बाहर भेजने का हो रहा था काम, ACP के छापे में खुली पोल

Vishal Dubey
0

वाराणसी के जैतपुरा थाना अंतर्गत मनहर स्थित बंद स्लाटर हाउस के बगल में बने एक गोदाम में अवैध तरीके से मवेशियों को काटने और उनका मांस पैक कर बाहर भेजने का काम हो रहा था। शनिवार की देर शाम एसीपी चेतगंज संतोष मीणा ने गोदाम में छापा मारा तो वहां मौजूद लोगों में भगदड़ मच गई। इसके साथ ही सामने एक ट्रक में चमड़ा लाद रहे लोग भाग खड़े हुए। जैतपुरा और आदमपुर थाने की पुलिस मौके से एक व्यक्ति को पकड़ कर पूछताछ कर रही है। पुलिस के अनुसार गोदाम में बने कमरों से मवेशियों के मांस, अवशेष और चमड़े बरामद हुए हैं। आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी।

उधर, स्थानीय लोगों का कहना था कि स्थानीय पुलिस की मिलीभगत से ही यहां मवेशियों को अवैध तरीके से काटने और उनका मांस व चमड़ा बाहर भेजने का काम होता है। उच्चाधिकारी को कहीं से गोपनीय सूचना मिली होगी तो उन्होंने छापा मारा और सारा मामले सामने आ गया।

रेलवे ट्रैक के समीप मिला बुजुर्ग का शव

वाराणसी के सारनाथ क्षेत्र में सुरतापुर रेलवे क्रॉसिंग के समीप ट्रेन की चपेट में आने से बुजुर्ग ब्राह्मण की मौत हो गई। सारनाथ थाने की पुलिस पर आए बुजुर्ग के बेटे अशोक ने बताया कि वह फरीदपुर का रहने वाला है। उसके पिता रामसेवक शर्मा (65) शुक्रवार की रात खानपुर में अपने यजमान वीरेंद्र पटेल के यहां गए हुए थे। रात में वह घर वापस नहीं लौटे तो सभी ने सोचा कि यजमान के यहां ही रुक गए हैं।

शनिवार को पुलिस से सूचना मिली कि उनका शव सुरतापुर रेलवे क्रॉसिंग के समीप मिला है। अशोक ने बताया कि उसके पिता को कम सुनाई देता था। आशंका है कि रेलवे ट्रैक पार करने के दौरान वह ट्रेन की आवाज नहीं सुन पाए होंगे और उसकी चपेट में आने से उनकी मौत हो गई होगी।

आधी रात बाद चल रही थी पार्टी, पहुंची पुलिस

31 दिसंबर की आधी रात बाद डाफी बाईपास के किनारे होटल सत्कार में डांस और शराब की पार्टी के दौरान हुड़दंग की जानकारी पाकर फोर्स के साथ इंस्पेक्टर लंका वेद प्रकाश राय पहुंचे। पुलिस फोर्स के होटल सत्कार में घुसते ही भीतर बैठकर पार्टी का आनंद लेते हुए बार बालाओं का डांस देखने वालों में हड़कंप मच गया। देखते ही देखते होटल के पिछले हिस्से की दीवार फांद कर गिरते-पड़ते हुए लोग भागे। इंस्पेक्टर लंका ने डांस प्रोग्राम को बंद कराया।

इसके साथ ही रमना चौकी से 400 मीटर की दूरी पर देर रात तक होटल में डांस पार्टी चलने पर इंस्पेक्टर लंका ने पुलिसकर्मियों का जमकर फटकार लगाई। वहीं, होटल संचालक कर्मचारियों के साथ मौके से भाग निकला।

Post a Comment

0 Comments
Post a Comment (0)
To Top