मथुरा सांसद हेमामालिनी मंगलवार को परेड ग्राउंड में आयोजित मातृशक्ति कार्यक्रम में भाग लेने आई थीं। कार्यक्रम के मंच से उतरते हुए वे भीड़ की धक्का मुक्की में फंस गईं। ड्रीम गर्ल इतनी आहत हुईं कि रोने लगीं। उनकी आंखों से आंसू छलक पड़े।
हेमा मालिनी से मिलने के लिए BJP MLC पुलिस से भिड़े
यूपी विधान परिषद के सदस्य सुरेंद्र चौधरी उनसे मिलने की जिद करने लगे। मगर सुरक्षा दृष्टि से एमएलसी चौधरी को मौके पर तैनात पुलिस अधिकारी ने उन्हें रोक दिया। इस पर चौधरी बिफर गए। कहा- वे हीरोइन ही तो हैं, मिलने में क्या दिक्कत है? पुलिस अधिकारी ने उन्हें समझाया कि वे किसी को भी अंदर नहीं जाने दे सकते। चौधरी ने अपने समर्थकों के साथ वहां हंगामा खड़ा कर दिया और कहा कि हेमा मालिनी हमारी सांसद हैं। इस वाकये को वहां मौजूद किसी शख्स ने अपने कैमरे में कैद कर लिया। अब इसका वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।
हेमा ने राधे-राधे बोलकर सभा में बटोरीं तालियां
सांसद हेमामालिनी ने सबसे पहले जनता जनार्दन का राधे-राधे कहकर अभिवादन किया। अभिवादन के उनके अंदाज ने लोगों का दिल जीत लिया। जैसे ही उन्होंने कहा राधे राधे…परेड मैदान में बैठी 2.5 लाख महिलाओं ने भी कहा राधे राधे। हेमा ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने नारी को नारायणी मानकर काम किया है। आज नारी घर चला सकती है, तो देश भी चला सकती है। संसद में महिला सांसदों की संख्या पहले के मुकाबले बहुत ज्यादा है। इस मामले में बीजेपी नंबर एक है।
मथुरा में भी कॉरीडोर बनाने का प्रस्ताव
नरेंद्र मोदी की सभा में भाग लेने प्रयागराज पहुंची सांसद हेमा मालिनी ने कहा कि मथुरा में भी वाराणसी के काशी विश्वनाथ की तर्ज पर कॉरीडोर होना चाहिए। उन्होंने कहा कि इस आशय की मांग सरकार के समक्ष उठाई जा चुकी है। पिछले 5 सालों में यूपी में अद्भुत बदलाव हुआ है। कहा कि सांसद होने के नाते खुद को मैं सौभाग्यशाली मानती हूं कि उन्हें पीएम के रूप में नरेंद्र मोदी और सीएम के रूप में योगी आदित्यनाथ मिले।
60 सालों में जो नहीं हुआ 7 सालों में BJP ने किया
देश बदल रहा है। जो पिछले पिछली सरकारों में 60 वर्षों में नहीं हुए वह केवल 7 सालों में बीजेपी की सरकार में हुए हैं। हेमा ने आगे कहा कि पीएम मोदी ने नारी को नारायण मानकर ही काम किया। उन्होंने डॉक्टर अंबेडकर के सपनों को साकार किया है। आज संगम नगरी की धरा पर मातृशक्ति का कुंभ देखकर मैं अभीभूत हूं। मेरा मानना है कि नारी अगर घर चला सकती है तो वह पूरा देश चला सकती है। महिलाओं के मामले में पार्टी के रूप में भाजपा नंबर 1 है।
