ट्रांसजेंडर नेता सोनम को यूपी ट्रांसजेंडर कल्याण बोर्ड की उपाध्यक्ष बनाया गया है। उन्हें राज्य मंत्री का दर्जा भी दिया गया है। उत्तर प्रदेश ट्रांसजेंडर कल्याण बोर्ड की उपाध्यक्ष बनने और राज्य मंत्री का दर्जा मिलने के बाद सोनम ने कहा कि भाजपा बहुमत के साथ सत्ता में वापसी करेगी। सोनम ने समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष और राज्य के पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव को श्राप देते हुए कहा कि वह अब कभी सत्ता में वापसी नहीं कर पाएंगे। सोनम ने कहा कि सपा प्रमुख अखिलेश यादव को मेरा श्राप है कि वह अपने जीवन में कभी सत्ता में नहीं आएंगे।
सोनम ने अखिलेश-शिवपाल की फूट को बताया था घातक : ट्रांसजेंडर की नेता सोनम ने कुछ महीने पहले भी अखिलेश यादव और शिवपाल यादव पर जमकर निशाना साधा था। सोनम ने अखिलेश और शिवपाल की फूट को घातक बताया था। 2020 में सुलतानपुर पहुंची ट्रांसजेंडर नेता सोनम ने कहा था, समाजवादी पार्टी में आपसी फूट की वजह से कमजोरी देखी जा रही है। उन्होंने हिदायत दी थी कि दोनों नेता अगर 2022 में मिलकर चुनाव लड़ते हैं तो मुश्किल आसान हो सकती है।