तीनों कृषि कानूनों को वापस लिए जाने की घोषणा के बाद अब भाजपा किसानों को साधने में जुट गई है। 28 नवंबर को वाराणसी के विश्वनाथपुर गांव में भाजपा किसान मोर्चा की ओर से 700 ट्रैक्टरों की रैली निकाली जाएगी।
इसके साथ ही 5,000 किसानों की खाट पंचायत का भी आयोजन किया जाएगा। इस दौरान किसानों को बताया जाएगा कि साल 2014 से लेकर अब तक केंद्र सरकार ने और साल 2017 से प्रदेश सरकार ने किसानों के हित में क्या काम किया है।
भाजपा के सभी नेता मौजूद रहेंगे
वाराणसी में भाजपा के जिलाध्यक्ष हंसराज विश्वकर्मा ने शुक्रवार को पत्रकारों को बताया कि विश्वनाथपुर गांव में हमारे किसान मोर्चा की ओर से एक कार्यक्रम आयोजित होने जा रहा है। इस कार्यक्रम में भाजपा किसान मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष कामेश्वर सिंह, भाजपा काशी क्षेत्र के अध्यक्ष महेश चंद्र श्रीवास्तव, सुनील ओझा और स्थानीय विधायक डॉ. अवधेश सिंह के साथ ही वाराणसी के सभी विधायक-मंत्री और नेता मौजूद रहेंगे।
भाजपा सरकार की नीतियों से किसान खुश
उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार की नीतियों से किसान बहुत खुश हैं। प्रदेश और केंद्र सरकार की कल्याणकारी नीतियों के चलते ही आज किसान कहते हैं कि इतना ज्यादा उत्पादन हो रहा है कि क्रय केंद्रों पर ज्यादा से ज्यादा खरीदारी के बाद भी उनका माल बच जा रहा है। यह प्रदेश और केंद्र सरकार की एक बड़ी उपलब्धि है।
जिलाध्यक्ष नहीं ले पाए पीएम और सीएम का नाम
पत्रकार वार्ता के दौरान PM मोदी के संसदीय क्षेत्र वाराणसी के भाजपा जिलाध्यक्ष हंसराज विश्वकर्मा प्रधानमंत्री और मुख्यमंत्री का नाम भी सही से नहीं ले पाए। पहले तो उन्होंने प्रधानमंत्री आदरणीय आदित्यजी और फिर नरेंद्र मोदी जी कहा। इसके बाद मुख्यमंत्री का नाम लेने की बारी आई तो उन्होंने यशस्वी आदित्य योगीनाथ कहा।
बताया कि सबका साथ, सबका विकास और सबका विश्वास की भावना के साथ उत्तर प्रदेश के सभी जिलों में किसान रैली और खाट पंचायत का आयोजन किया जा रहा है। भाजपा ने सभी वर्गों के विकास के लिए काम किया है और विकास के दम पर 2022 में भी हमारी सरकार प्रदेश में फिर आएगी।