भाजपा विधायक सुरेन्द्र सिंह ने एक बार फिर विवादित बयान के जरिए जिले की सियासत गरमा दी है। उन्होंने बसपा सुप्रीमो मायावती को कहा कि वह वैभव की दुनिया में पैसे के पीछे नाचने वाली नेता हैं। उन्होंने सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव व पूर्व मुख्यमंत्री मुलायम सिंह यादव को भी निशाने पर रखा है। अपने विवादित बयानों के लिए चर्चा में रहने वाले बैरिया विधायक के निशाने पर इस बार बसपा सुप्रीमो मायावती थीं और उन्होंने विवादित बयान देकर बसपा प्रमुख पर हमला तो किया लेकिन बसपा के निशाने पर भी आ गए हैं।
उन्होंने सोमवार को जयप्रकाशनगर में जेपी जयंती पर आयोजित कार्यक्रम के दौरान विवादित बयान दिया था। इसका वीडियो वायरल होने पर बसपा के कार्यकर्ता आंदोलित हो गए हैं। मंच से उन्हाेंने कहा था कि मायावती को गरीबों से कोई लेना-देना नहीं है। पूर्व मुख्यमंत्री मुलायम सिंह को संबोधित करते हुए कहा कि जिसके राज्य में न तो बेटी सुरक्षित थी और न ही खेती, वह भी अपने को बेहतर शासक बता रहे हैं। सपा राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव को औरंगजेबी परंपरा का पोषक बताया। विधायक ने कहा कि अखिलेश ने अपने पिता को लात मारकर जबरन सत्ता पर कब्जा कर लिया था, वह भी अपने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से बेहतर बता रहा है। इस देश के नेता पीएम नरेंद्र मोदी और सीएम योगी आदित्यनाथ हैं, जिनका नेतृत्व देश में चारों तरफ विकास कर रहा है।
