वरिष्‍ठ नेता प्रमोद तिवारी का ऐलान, कांग्रेस की बनी सरकार ताे इलाहाबाद विश्‍वविद्यालय में बहाल होगा छात्रसंघ - ripe news

Vishal Dubey
0

अखिल भारतीय कांग्रेस राज्‍य कार्यसमिति सदस्‍य व वरिष्ठ कांग्रेस नेता प्रमोद तिवारी ने प्रयागराज में बड़ा ऐलान किया है। बुधवार को उन्‍हाेंने ऐलान किया कि उत्तर प्रदेश में कांग्रेस की सरकार बनते ही इलाहाबाद केंद्रीय विश्वविद्यालय में छात्रसंघ चुनाव तत्काल बहाल कराया जाएगा। प्रमोद तिवारी सिविल लाइंस स्थित एक होटल में पत्रकारों से वार्ता कर रहे थे। उल्‍लेखनीय है क‍ि विश्वविद्यालय में 29 जून 2019 काे तत्कालीन कुलपति प्रोफेसर रतन लाल हांगलू ने छात्रसंघ चुनाव पर प्रतिबंध लगा दिया था। इसके विरोध में छात्रनेता अजय यादव सम्राट लगातार अनशनरत हैं।
कांग्रेस के वरिष्‍ठ नेता प्रमाेद तिवारी ने बताया कि वह वाराणसी से कांग्रेस के तमाम वरिष्ठ नेताओं के साथ प्रतिज्ञा यात्रा लेकर निकले हैं। उन्होंने कहा कि यह यात्रा देश को दूसरी आजादी दिलाने के लिए निकाली गई है। इसके पीछे उन्होंने तर्क दिया कि आज संविधान को समाप्त किया जा रहा है। स्वतंत्रता सेनानियों ने आजादी के लिए जेल में तमाम यातनाएं सही थी। यहां तो हालात यह हैं कि अब कोई आवाज उठाता है तो उसके आवाज का दमन करने के लिए केंद्रीय एजेंसियां जुट जाती हैं। अब सरकारीकरण और राजनीतिकरण हावी हो रहा है।

आनंद भवन में आजादी के मतवालों को पुष्पांजलि

उन्होंने बताया कि प्रतिज्ञा यात्रा आनंद भवन से अगले पड़ाव के लिए रवाना होगी। सबसे पहले यहां आजादी के मतवालों को पुष्पांजलि दी जाएगी। इसके बाद यहां से यह यात्रा फाफामऊ, सोरांव और मऊआइमा होते हुए प्रतापगढ़ में प्रवेश करेगी। यात्रा का रात्रि विश्राम देल्हूपुर में होगा। अगले दिन यह यात्रा अमेठी पहुंचेगी। फिर रायबरेली होते हुए लखनऊ में यात्रा के पहले चरण का समापन होगा।

वाराणसी से निकली थी प्रतिज्ञा यात्रा

कांग्रेस की प्रतिज्ञा यात्रा वाराणसी से बाजीराव खाडे, अजय राय, देवव्रत मिश्र, भगवती चरण चौधरी, उज्जवल शुक्ल समेत अन्य दिग्गज कांग्रेसियों के साथ निकली थी। यह यात्रा वाराणसी से चंदौली, सोनभद्र, मीरजापुर, यमुनापार होते हुए मंगलवार को प्रयागराज पहुंची।


Post a Comment

0 Comments
Post a Comment (0)
To Top