सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी के 19वें स्थापना दिवस पर आज बुधवार को रतनपुरा ब्लाक के हलधरपुर (ढ़ोलवन) सुभासपा व सपा की मित्रता का गवाह बन रहा है। राष्ट्रीय राजमार्ग संख्या-34 के किनारे स्थित मैदान में आयोजित जनसभा की तैयारियां लगभग एक दिन पूर्व ही पूर्ण हो चुकी थीं। सुबह नौ बजे के बाद से आयोजन शुरू हुआ तो मंच पर पदाधिकारियों का संबोधन शुरू हुआ। मंच से एक एक कर महापंचायत के बारे में जनता को संबोधित करते हुए आगामी चुनाव के दौरान कार्यकर्ताओं को जूझने के लिए तैयार रहने की अपील की गई।
अखिलेश यादव बोले : सपा मुखिया अखिलेश यादव ने बुधवार को ट्वीट किया और लिखा कि- 'ग़रीबों, दमितों, शोषितों, वंचितों, दलितों, पिछड़ों, अल्पसंख्यकों, मज़दूरों, किसानों, महिलाओं, युवाओं, शिक्षकों, कारोबारियों, नौकरीपेशा व पेशेवरों के अधिकारों की रक्षा के लिए झूठी व फ़रेबी भाजपा-सत्ता के ख़िलाफ़ ‘मऊ का हलधरपुर मैदान एक राजनीतिक महायुद्ध का कुरुक्षेत्र साबित होगा’।
आयोजन को सफल बनाने के लिए कार्यकर्ताओं का उत्साह सातवें आसमान पर बुधवार सुबह से ही नजर आया। मंगलवार को पूरे दिन तैयारियों को अंतिम रूप दिया गया तो बुधवार सुबह से ही कार्यकर्ताओं और पदाधिकारियों को जमावड़ा रहा। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष व पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव के होने से सपाइयों का भी आयोजन में जमावड़ा रहा। यहां से आगामी विधानसभा चुनाव में नए गठजोड़ के पैगाम देने की तैयारी चल रही है।

